रतलाम, 22 जुलाई(खबरबाबा. कॉम)।शहर में चोर गिरोह लगातार सक्रिय होता जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र की ऋद्धि-सिद्धि एवेन्यू कॉलोनी में हाल ही में कथित चड्डी-बनियान गिरोह द्वारा चोरी की वारदात के बाद अब डीडीनगर थाना क्षेत्र की कलीमी कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाया गया है। अज्ञात बदमाश मकान का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये नकद सहित सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
पुलिस के अनुसार सैफी मोहल्ला, चांदनी चौक निवासी अमीना पत्नी मोहम्मद बारूदवाला की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है।शिकायत में बताया गया कि उनके पिता इस्माईल घड़ियाली वर्तमान में कुवैत में रहते हैं। डीडीनगर थाना क्षेत्र की कलीमी कॉलोनी स्थित उनके मकान पर पिछले करीब एक माह से ताला लगा हुआ था। मकान की देखरेख और साफ-सफाई के लिए समय-समय पर अमीना और चौकीदार मुकेश वहां जाते थे।
मंगलवार शाम करीब 7 बजे चौकीदार मुकेश ने फोन कर सूचना दी कि मकान का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है। सूचना मिलते ही अमीना अपनी बेटी तस्नीम के साथ मौके पर पहुंचीं। वहां देखा कि मुख्य दरवाजा अंदर की ओर से टूटा हुआ था और पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था।
इसके बाद अमीना ने कुवैत में रह रहे अपने पिता से फोन पर घर में रखे सामान की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अलमारी में एक पुरानी सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने की बालियां, सोने की दो चूड़ियां, चांदी की दो पट्टियां, एक हाथ घड़ी और 50 हजार रुपये नकद रखे थे। जांच करने पर पूरा सामान गायब मिला।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर सूने मकानों को निशाना बनाए जाने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस अब क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।