रतलाम, 10 जुलाई (खबरबाबा.कॉम)। जिला चिकित्सालय में शुक्रवार सुबह मरीज के उपचार को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बच्ची का इलाज कराने आए एक परिजन ने ड्यूटी पर तैनात ऑर्थोपेडिक सर्जन के साथ बहस के बाद मारपीट कर दी। घटना से आक्रोशित अस्पताल के डॉक्टर एकजुट होकर स्टेशन रोड थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, जिला चिकित्सालय में हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक सर्जन) डॉ. दिनेश भूरिया शुक्रवार सुबह ओपीडी में मरीजों का परीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान चिंगीपुरा निवासी आसिफ अपनी बेटी को उपचार के लिए लेकर पहुंचा। परिजन का दावा था कि बच्ची के हाथ की हड्डी में क्रैक है, इसका जो कारण बताया गया, वह डॉक्टर भूरिया को उचित नहीं लगा।
डॉ. भूरिया ने परिजन को बताया कि बच्ची के हाथ में सूजन दिखाई दे रही है और जो कारण आप बता रहे हो उससे हड्डी नहीं टूट सकती है।डॉक्टर की यह बात सुनते ही आसिफ भड़क गया और उसने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान डॉ. भूरिया के नाक और गाल पर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल के डॉक्टरों में नाराजगी फैल गई। सभी डॉक्टर एकजुट होकर स्टेशन रोड थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा मारपीट करने का मामला दर्ज कराया।पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी आसिफ को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।