रतलाम, 31 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)। शहर और जिले में लगातार बढ़ रही चोरी एवं नकबजनी की वारदातों को लेकर एसपी अमित कुमार एक्शन मोड में आ गए हैं।शहर में पिछले कुछ दिनों में ही आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई वारदातों में CCTV फुटेज में संदिग्ध बदमाशों की गतिविधियां भी कैद हुई हैं। इनमें चड्डी-बनियान गिरोह के साथ ही अन्य गिरोहों के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। ऐसे में अब एसपी ने पुराने और अनसुलझे मामलों की पतारसी के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने और जिले में चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना प्रभारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
चोरी की लगातार वारदातों के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी ने लापरवाही और कार्य में उदासीनता के मामले में जावरा शहर, ताल और कालूखेड़ा थाना प्रभारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम के साथ ही पूर्व में हुई वारदातों के आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाने को कहा गया है।
रात 12 से सुबह तक सघन गश्त
एसपी अमित कुमार के निर्देश के अनुसार शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों, सूने मकानों तथा व्यापारिक क्षेत्रों में रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक सघन पुलिस गश्त की जाएगी। शहरी क्षेत्रों में मोटरसाइकिल गश्त बढ़ाने के साथ ही देर रात बिना नंबर या संदिग्ध नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के भी निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा जिले के एंट्री-एग्जिट पॉइंट और सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थाई एवं अस्थाई नाकाबंदी कर बाहर से आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों पर नजर रखने को कहा गया है।
पुराने मामलों की फाइल खुलेगी, जेल से छूटे बदमाश भी रडार पर
SIT के माध्यम से गंभीर और अब तक अनसुलझे चोरी के मामलों की दोबारा जांच कर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जाएंगे। पुलिस को आसपास के जिलों में हुई चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं और वहां सक्रिय अपराधियों की जानकारी जुटाकर अंतर-जिला समन्वय के साथ आरोपियों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले दो वर्षों में संपत्ति संबंधी अपराधों में जेल से रिहा हुए आरोपियों, जमानत पर बाहर आए बदमाशों और पुराने नकबजनों की सूची अपडेट कर उनकी वर्तमान लोकेशन और गतिविधियों की निगरानी करने को भी कहा गया है।
CCTV नेटवर्क की भी होगी जांच
शहर में हाल की चोरी की घटनाओं में CCTV फुटेज महत्वपूर्ण सुराग बने हैं। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां और अलग-अलग वारदातों में गिरोह के इस्तेमाल किए जाने के संकेत सामने आने के बाद पुलिस अब प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर लगे CCTV कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच करेगी।
व्यापारियों और आम नागरिकों को अपने प्रतिष्ठानों एवं मकानों पर CCTV कैमरे लगाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही किरायेदारों, घरेलू नौकरों और मजदूरों का पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रहवासी समितियों और व्यापारियों के साथ बैठकें होंगी
पुलिस अब रहवासी समितियों और व्यापारिक संगठनों के साथ बैठकें कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाएगी। नागरिकों को सूना मकान छोड़ने से पहले पुलिस को सूचना देने, सुरक्षा गार्ड रखने और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी जाएगी।
लगातार सामने आ रही चोरियों के बीच एसपी के इन निर्देशों से साफ है कि अब पुलिस सिर्फ वारदात के बाद जांच तक सीमित रहने के बजाय चोरी रोकने, पुराने मामलों को खोलने और सक्रिय गिरोहों की धरपकड़ के लिए मैदानी स्तर पर अभियान चलाने की तैयारी में है।