रतलाम,3अगस्त(खबरबाबा. कॉम)।अशोक नगर क्षेत्र के मुख्य मार्ग के निर्माण के बाद रविवार को क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कई दशकों से खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों ने करीब 45 लाख रुपये की लागत से बन रही सड़क पर खुशी जताते हुए रतलाम महापौर प्रह्लाद पटेल का भव्य स्वागत किया। इस दौरान नागरिकों ने क्षेत्र के मुख्य चौराहे का नाम “महापौर पटेल साहब चौराहा” रखने की घोषणा कर वहां नामपट्ट भी स्थापित किया।
निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे महापौर प्रह्लाद पटेल का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और बच्चों ने हिस्सा लिया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि यह सड़क वर्षों से उनकी प्रमुख मांग थी, लेकिन लंबे समय तक यह कार्य पूरा नहीं हो सका। अब सड़क बनने से क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या का समाधान हुआ है, इसलिए आभार स्वरूप चौराहे का नाम महापौर के नाम पर रखा गया है।
अपने संबोधन में महापौर प्रह्लाद पटेल ने कहा कि नगर निगम परिषद ने विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया है। परिषद ने धर्म, जाति और वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर पूरे शहर में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में वर्षों से सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाओं का अभाव था, वहां भी प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
क्षेत्रीय पार्षद सलीम बागवान ने कहा कि अशोक नगर में पहले कभी इतने व्यापक स्तर पर विकास कार्य नहीं हुए। मुख्य मार्ग बनने से लोगों को कीचड़, धूल और खराब सड़क की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।
पूर्व महापौर एवं पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य नगर निगम परिषद की विकासोन्मुख सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वार्ड में कांग्रेस का पार्षद होने के बावजूद विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया, जो सराहनीय है।
कार्यक्रम का संचालन इमरान खोखर ने किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के वर्षों पुराने संघर्ष और उम्मीदों की जीत है।
इस अवसर पर महापौर प्रह्लाद पटेल, पार्षद सलीम बागवान, पूर्व महापौर एवं पूर्व विधायक पारस सकलेचा, इमरान खोखर, एल्डरमैन नारायण सांखला, राकेश मिश्रा, इरशाद भंडारी, परवेश भाई, धर्मेंद्र मंडवारिया, पीयूष बाफना, अल्पेश नागौरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।