रतलाम, 28 सितंबर (खबरबाबा.कॉम)। मध्यप्रदेश पटवारी संघ द्वारा प्रदेशव्यापी विरोध एवं ज्ञापन श्रृंखला के तहत सोमवार को रतलाम जिले में भी पटवारियों की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने “स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026” योजना के अंतर्गत पटवारियों को सौंपे गए दायित्वों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।
जिलाध्यक्ष गोपाल रावत ने बताया कि स्वामित्व योजना के कार्यों में पटवारियों के दायित्व को लेकर मैदानी स्तर पर कई व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आ रही हैं। साथ ही भविष्य में विभागीय अथवा न्यायालयीन उत्तरदायित्व की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका भी है। संघ का कहना है कि योजना के संबंध में स्पष्ट आदेश जारी कर प्रत्येक स्तर पर दायित्व निर्धारित किए जाएं। जब तक स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक पटवारियों को निष्पादन के दायित्व से पृथक रखा जाए।
पदोन्नति में 50 वर्ष की आयु सीमा की विसंगति दूर करने की मांग
पटवारी संघ ने पदोन्नति से जुड़ी विसंगति का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया। संघ की मांग है कि पटवारी संवर्ग की पदोन्नति में 50 वर्ष की आयु सीमा के कारण उत्पन्न विसंगति को दूर किया जाए, ताकि पात्र एवं वरिष्ठ पटवारियों को पदोन्नति का अवसर मिल सके। इसके साथ ही लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को भी शीघ्र पूर्ण करने की मांग की गई।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जिलाध्यक्ष गोपाल रावत ने कहा कि शासन द्वारा दोनों विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संघ के निर्देशानुसार आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ज्ञापन कार्यक्रम में जिलेभर के पटवारी उपस्थित रहे।