रतलाम, 05सितंबर(खबरबाबा. कॉम)। शहर की विंध्यवासिनी कॉलोनी में 19 अगस्त की तड़के ई-स्कूटी में हुए भीषण विस्फोट और आगजनी के दुखद हादसे में झुलसी मां बिंदु कुंवर (36) ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। घटना के 17वें दिन इंदौर के अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इससे पहले, हादसे के 13 दिन बाद उनकी बेटी अंतिम (16) की इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी। इस मामले में दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने एजेंसी संचालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बिंदु कुंवर अपनी बेटियों के साथ कमरे में सो रही थीं। उसी कमरे में रखी ई-स्कूटी में अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को चपेट में ले लिया। यह ई-स्कूटी हादसे से महज 10 दिन पहले ही खरीदी गई थी। आग इतनी भीषण थी कि कमरे में लगे पंखे, कूलर और पीवीसी छत तक पिघलकर खाक हो गए। पड़ोसियों ने मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया था।
12वीं कक्षा की छात्रा अंतिम की मौत के बाद अब मां के भी चले जाने से पूरे परिवार और गांव में मातम छा गया है। मृतका अंतिम का अंतिम संस्कार रावटी के समीप तंबोलिया गांव में किया गया था। घटना के बाद से ही ई-स्कूटी की बैटरी की गुणवत्ता, चार्जिंग सुरक्षा मानकों और विस्फोट के कारणों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव के अनुसार ई – स्कूटी एंजेसी के संचालक के विरुद्ध गैर इरादन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। जांच के उपरांत आगे की कार्यवाही शुरू की जाएगी।