रतलाम, 27 सितंबर (खबरबाबा.कॉम)। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने रविवार को सैलाना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित सांदीपनि विद्यालय और शासकीय कन्या शिक्षा परिसर का निरीक्षण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और विभागीय कार्यप्रणाली पर कलेक्टर ने असंतोष जताते हुए सीएमएचओ को तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी सक्रियता के साथ कार्य करें और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने की स्थिति में राज्य शासन को प्रतिवेदन भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एंटी वेनम के स्टॉक, ओपीडी, वैक्सीन रूम, टीकाकरण सब सेंटर तथा एएनसी रजिस्ट्रेशन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं की जवाबदेही निर्धारित करने और हाई रिस्क प्रेगनेंसी के मामलों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन हो तथा उन्हें आवश्यक जांच, उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
पुराने सांदीपनि भवन का होगा उपयोग
सांदीपनि विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नवीन सांदीपनि विद्यालय में शिफ्टिंग के बाद पुराने विद्यालय भवन का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे चार-पांच विद्यालय, जिनके पास स्वयं के भवन उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन में शिफ्ट किया जाए, ताकि वहां कक्षाओं का नियमित संचालन हो सके और विद्यार्थियों को सुचारु शैक्षणिक सुविधा मिल सके।
कलेक्टर ने शासकीय कन्या शिक्षा परिसर का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।