रतलाम, 24 सितम्बर (खबरबाबा. कॉम)। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत हनुमान ताल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। छह छात्र स्कूल बंक हनुमान तालाब पहुंचे थे। तालाब में नहाने के दौरान 11वीं कक्षा का एक छात्र गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम घटला भटुनी निवासी मंगल पिता गजराज न्यू रोड स्थित गुजराती स्कूल में कक्षा 11वीं में पढता है। वह अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ सुबह स्कूल न जाकर हनुमान ताल पहुंच गया। यहां मंगल तैरने उतरा। गहरे पानी में जाने के कारण बाहर नहीं आ सका।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दी पुलिस को सूचना
मंगल को डूबता देख दोस्तों ने मदद की कोशिश की। वहां मौजूद कुछ लोगों ने तालाब में उतरकर छात्र की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। पूर्व पार्षद और भाजपा नेता पवन सोमानी भी मौके पर पहुंचे।
SDRF पर भड़के परिजन, ग्रामीणों ने 5 मिनट में निकाला शव
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान करीब एक घंटे तक मशक्कत करने के बाद भी जब एसडीआरएफ की टीम छात्र को ढूंढने में विफल रही, तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ की टीम को रोककर खुद पानी में छलांग लगाई और महज 5 मिनट के भीतर मंगल को ढूँढकर बाहर निकाल लिया। परिजन तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने रेस्क्यू टीम की कार्यप्रणाली पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि एक घंटे तक सरकारी टीम असफल रही, जबकि स्थानीय लोगों ने कुछ ही मिनटों में छात्र को खोज निकाला। घटना के बाद से ही छात्र के गांव और परिजनों में शोक की लहर है।