रतलाम, 1 सितंबर (खबरबाबा.कॉम)। टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन घड़ियां बेचकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर रतलाम के एक मजदूर से 6.43 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 10 हजार रुपए जमा करवाए और बाद में खाते में मुनाफे की राशि आने का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई। शिकायत के बाद रतलाम साइबर सेल और औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने तकनीकी एवं बैंकिंग साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हरिद्वार और कोटा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, अन्य सहयोगियों और ठगी की रकम के लेन-देन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
जानकारी के अनुसार फरियादी मजदूरी का कार्य करता है और टेलीग्राम का इस्तेमाल करता है। 29 दिसंबर 2025 को मजदूरी के दौरान उसके मोबाइल पर एक अज्ञात टेलीग्राम आईडी से संदेश आया। इसमें ऑनलाइन घड़ियां सेल करने और अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। आरोपियों ने उसे एक वेबसाइट का लिंक, आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया तथा रजिस्ट्रेशन के नाम पर एक बैंक खाते में 10 हजार रुपए जमा करवाए।
इसके बाद आरोपियों ने फरियादी को उसके खाते में मुनाफे की राशि आने की जानकारी देकर भरोसे में लिया। फिर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करने पर डबल मुनाफा मिलने का झांसा दिया गया। मुनाफे के लालच में फरियादी ने आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 6,43,285 रुपए जमा कर दिए। बाद में न तो उसे मुनाफे की रकम मिली और न ही मूल राशि वापस की गई। शिकायत के बाद औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में साइबर सेल एवं औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने बैंक खातों में हुए लेन-देन, तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल जानकारी का विश्लेषण किया। जांच में आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी मिलने के बाद टीम ने हरिद्वार और कोटा में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अश्वनी अरोरा, निवासी राजा गार्डन, जगजीतपुर, हरिद्वार, उत्तराखंड को हरिद्वार से तथा अनिमेष जैन, निवासी हाथीदिलोद, जिला बारां, राजस्थान को कोटा से गिरफ्तार किया गया है।
साइबर ठगी के मामलों में रतलाम पुलिस की कार्रवाई
रतलाम पुलिस के अनुसार साइबर अपराधों के खिलाफ कार्रवाई के साथ पीड़ितों की रकम वापस दिलाने के प्रयास भी जारी हैं। अगस्त 2026 तक साइबर अपराध से संबंधित 89 कोर्ट ऑर्डर के तहत 1,03,21,402 रुपए की राशि पर कार्रवाई की गई है। इनमें 49 साइबर शिकायतों में 37,06,285 रुपए की राशि पीड़ितों को सफलतापूर्वक रिफंड कराई जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार वर्तमान मामले में भी ठगी की राशि की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आरोपियों से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों तक पहुंचने की कार्रवाई जारी है।