मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई के साथ आदतन तस्करों की संपत्ति पर भी प्रहार_PIT NDPS एवं SAFEMA के तहत करोड़ों की संपत्ति फ्रीज
रतलाम,7 सितंबर(खबरबाबा. कॉम)। एसपी अमित कुमार द्वारा 12 सितंबर 2024 को रतलाम जिले का कार्यभार संभालने के पश्चात जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रभावी एवं निरंतर अभियान चलाया गया। उनके निर्देशन में रतलाम पुलिस द्वारा पिछले दो वर्षों की अवधि में नशे के कारोबार के विरुद्ध व्यापक एवं बहुआयामी कार्रवाई की गई है।
इस अवधि में रतलाम पुलिस द्वारा 224 NDPS प्रकरण पंजीबद्ध कर 617 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा केवल छोटे स्तर के तस्करों पर कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लायर, परिवहन नेटवर्क एवं बड़े तस्करी नेटवर्क को चिन्हित कर उनके विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई।
दो वर्षों में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त–
रतलाम पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अफीम, डोडाचूरा, एम.डी. ड्रग्स, ब्राउन शुगर एवं गांजा सहित विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों की बड़ी मात्रा में जप्ती की गई।
अफीम — 18 किलो 954 ग्राम — अनुमानित कीमत 40,54,300 रुपए
डोडाचूरा — 6,950 किलो 583 ग्राम — अनुमानित कीमत 1,96,13,930 रुपए
ब्राउन शुगर — 218 ग्राम — अनुमानित कीमत 5,28,000 रुपए
एम.डी. ड्रग्स — 23 किलो 043 ग्राम — अनुमानित कीमत 22,56,01,215 रुपए
गांजा — 99 किलो 195 ग्राम — अनुमानित कीमत 8,65,400 रुपए
उक्त कार्रवाई में जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 24 करोड़ रुपए से अधिक है।
एम.डी. ड्रग्स के विरुद्ध बड़ी कार्रवाइयों से तस्करी नेटवर्क पर प्रहार
रतलाम पुलिस द्वारा एम.डी. ड्रग्स के विरुद्ध विशेष रूप से प्रभावी कार्रवाई करते हुए तस्करी के साथ-साथ एम.डी. ड्रग्स के निर्माण से जुड़े नेटवर्क को भी चिन्हित कर कार्रवाई की गई।
थानावार जानकारी
▪️ थाना कालूखेड़ा — पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो 930 ग्राम एम.डी. ड्रग्स बरामद की गई तथा 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त एम.डी. ड्रग्स की अनुमानित कीमत लगभग 10.93 करोड़ रुपए है।
▪️ थाना पिपलौदा —पुलिस द्वारा एम.डी. ड्रग्स निर्माण से संबंधित फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। कार्रवाई में 140 किलो MDC, 35 किलो HCL एवं 900 ग्राम 2-Bromo केमिकल सहित निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।
▪️ थाना आलोट — एम.डी. ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त2-Bromo-4-Methylpropiophenone केमिकल 110 किलो 140 ग्राम बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 8,26,050 रुपए है।
▪️ थाना ताल — पुलिस द्वारा 3 किलो 05 ग्राम एम.डी. ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3,00,05,000 रुपए है।
इन बड़ी कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि रतलाम पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के साथ-साथ इनके निर्माण एवं सप्लाई से जुड़े नेटवर्क को भी लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
आदतन नशा तस्करों पर PIT NDPS के तहत निवारक कार्रवाई–
मादक पदार्थों के कारोबार में लगातार संलिप्त रहने वाले आदतन तस्करों के विरुद्ध रतलाम पुलिस द्वारा केवल सामान्य आपराधिक कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए PIT NDPS अधिनियम के तहत निवारक कार्रवाई भी की गई।पिछले दो वर्षों में 13 प्रकरणों में PIT NDPS के तहत कार्रवाई कर आदतन मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध प्रभावी निवारक कदम उठाए गए, जिससे ऐसे अपराधियों की लगातार आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिली।
SAFEMA के तहत करोड़ों की संपत्ति पर कार्रवाई
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध भी रतलाम पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई। SAFEMA के तहत 33 करोड़ से अधिक की संपत्ति को फ्रीज कराने की कार्रवाई की गई है।इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार से अर्जित आर्थिक लाभ पर प्रहार करते हुए तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को कमजोर करना है।
तस्करी के पूरे नेटवर्क पर रतलाम पुलिस की नजर–
रतलाम पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के प्रकरणों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग एवं वित्तीय लेन-देन, मोबाइल एवं डिजिटल साक्ष्यों तथा मुखबिर तंत्र के माध्यम से मादक पदार्थों के स्रोत एवं सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस द्वारा तस्करों के साथ-साथ उनके सप्लायर, परिवहनकर्ता, सहयोगी एवं अवैध कारोबार से आर्थिक लाभ अर्जित करने वाले व्यक्तियों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
एसपी अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में रतलाम पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी है।रतलाम पुलिस का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जप्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क, उसके आर्थिक स्रोत एवं अवैध संपत्ति पर प्रभावी प्रहार करना है।
एसपी अमित कुमार ने कहा कि रतलाम पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं निर्माण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।