रतलाम, 10 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। रतलाम जिले में नामांतरण और बंटवारे के लंबित प्रकरणों के निराकरण में हो रही देरी पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने नाराजगी जताई है। नामांतरण की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए उन्होंने राजस्व अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने और लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीमांकन के बाद 250 के प्रकरणों को भी तत्काल निपटाने के लिए कहा और स्पष्ट किया कि इनके निराकरण में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर कटेसरिया ने शनिवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान नामांतरण और बंटवारे के मामलों की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने निराकरण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में साइबर तहसील, राजस्व न्यायालयों में पारित आदेशों के पालन, राजस्व वसूली और निर्माण कार्यों के लिए भू-अर्जन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही पीएम किसान ई-केवाईसी, खाता एवं आधार लिंकिंग, फार्मर रजिस्ट्री के लंबित प्रकरणों और भूमि स्वामियों द्वारा परिमार्जन की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
कलेक्टर ने धारणाधिकार, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और मानव अधिकार आयोग में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में मंदिरों के जीर्णोद्धार संबंधी प्रस्तावों की स्थिति भी देखी गई।