रतलाम, 3 अक्टूबर(खबरबाबा. कॉम)। गुम और अपहृत बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत एसपी अमित कुमार के निर्देशन में रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2026 में जनवरी से सितंबर तक पुलिस ने 560 गुम एवं अपहृत बालक-बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। इनमें 38 बालक और 522 बालिकाएं शामिल हैं।
पुलिस की टीमें बच्चों की तलाश में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ गुजरात, राजस्थान, उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों तक पहुंचीं और तकनीकी संसाधनों, साइबर सेल, जेएबी शाखा, मुखबिर तंत्र तथा परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर बच्चों का पता लगाया।
सितंबर में 46 बच्चों की सुरक्षित वापसी
सितंबर माह में भी ऑपरेशन मुस्कान के तहत रतलाम पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 46 बालक-बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब किया। इनमें 7 बालक और 39 बालिकाएं शामिल हैं। दस्तयाबी के बाद सभी को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
बाजना से सबसे अधिक 12 बालिकाएं दस्तयाब
सितंबर में थाना-वार कार्रवाई में सबसे अधिक 12 बालिकाओं को थाना बाजना क्षेत्र से दस्तयाब किया गया। इसके बाद थाना रावटी से 5 और औद्योगिक क्षेत्र रतलाम से 7 बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हुई।
थाना-वार कार्रवाई इस प्रकार रही—
– स्टेशन रोड — 2 बालिकाएं
– औद्योगिक क्षेत्र रतलाम — 3 बालक, 4 बालिकाएं
– डीडी नगर — 2 बालिकाएं
– बिलपांक — 1 बालक, 1 बालिका
– नामली — 1 बालिका
– शिवगढ़ — 2 बालिकाएं
– रावटी — 5 बालिकाएं
– बाजना — 12 बालिकाएं
– सरवन — 3 बालिकाएं
– जावरा शहर — 1 बालक
– कालूखेड़ा — 3 बालिकाएं
– पिपलौदा — 2 बालिकाएं
– ताल — 1 बालक, 1 बालिका
– आलोट — 1 बालक, 1 बालिका
एसपी ने दिए प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश
एसपी अमित कुमार ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को गुम एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की तलाश को प्राथमिकता देने तथा उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में सभी थानों पर विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
इन टीमों द्वारा साइबर सेल, जेएबी शाखा और तकनीकी संसाधनों के साथ-साथ परिजनों के कथनों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से बच्चों की तलाश की जा रही है।
नौ महीनों में 560 बच्चों की सुरक्षित दस्तयाबी से कई परिवारों को अपने बिछड़े बच्चों की वापसी मिली है। पुलिस के अनुसार ऑपरेशन मुस्कान के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।