रतलाम, 21नवम्बर (खबरबाबा. कॉम)। जुलवानिया रोड पर ईंट-भट्ठों के पास रात के समय कुत्तों को बिस्किट खिला रहे एक युवक को दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने घेर लिया। पहले उससे शराब पीने के लिए रुपए मांगे और फिर मारपीट कर पर्स और मोबाइल छीन लिया। बदमाश युवक की बाइक भी ले गए, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद उनमें से एक बाइक वापस लाकर युवक के सामने पटक गया और साथियों के साथ फरार हो गया।
मामले में सुभाष नगर निवासी परमानंद राठौड़ ने आईए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी के मुताबिक, वह अपनी बाइक से बंजली गया था। वहां से रात करीब 10:30 बजे रिंग रोड होते हुए जुलवानिया रोड से विरियाखेड़ी की तरफ लौट रहा था। रास्ते में ईंट-भट्ठे के पास रुककर वह कुत्तों को बिस्किट खिला रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर चार युवक वहां पहुंचे।
दारू पीने के लिए मांगे रुपए, फिर करने लगे मारपीट
फरियादी के अनुसार, चारों में से दो युवकों ने उसे पकड़ लिया, जबकि दो ने मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने धमकाते हुए कहा कि जेब में जितने भी रुपए हैं, निकाल दो। हमें दारू पीना है। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। दो बदमाशों ने पेंट की जेब से पर्स और मोबाइल निकाल लिया। पर्स में 1600 रुपए नकद, तीन एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और आईडी कार्ड रखे थे। मारपीट के दौरान बदमाशों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि बदमाश उसकी बाइक भी छीनकर ले गए थे, लेकिन कुछ देर बाद उनमें से एक युवक बाइक लेकर वापस आया और उसके सामने पटककर साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया।
फरियादी के मुताबिक, चारों युवकों की उम्र करीब 17 से 25 वर्ष के बीच थी। तीन ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था, जबकि बाइक वापस लाकर छोड़ने वाले युवक का चेहरा उसने देख लिया है। सामने आने पर उसे पहचानने की बात भी पुलिस को बताई है।
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बदमाशों तक पहुंचने के लिए पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है।