रतलाम 16 दिसम्बर 2019/ रतलाम जिले में विजय दिवस का आयोजन गौरवशाली ढंग से हुआ। इस अवसर पर मुख्य समारोह रतलाम पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित किया गया जहां मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा ध्वजारोहण किया गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी के साथ पुलिस टुकड़ी द्वारा राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई, राष्ट्रगान हुआ। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के संदेश का वाचन मुख्य अतिथि द्वारा किया गया।
इस अवसर पर 1971 के युद्ध में शहीद सैनिकों के परिजनों, युद्ध में शामिल सैनिकों का सम्मान किया गया। इस दौरान 1971 में बांग्लादेश निर्माण एवं भारतीय सेना की पाकिस्तानी सेना पर विजय की गौरव गाथा कहती हुई प्रदर्शनी भी लगाई गई। पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति के तराने प्रस्तुत किए गए।
शहीद सैनिकों को श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए गए। इस अवसर पर महापौर डॉ. सुनीता यार्दे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमेश मईडा, उपाध्यक्ष श्री डी.पी. धाकड़, अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष श्रीमती यास्मीन शेरानी, श्री राजेश भरावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. इंद्रजीत, श्री सुनील पाटीदार, शहीद सैनिक परिजन, नागरिकगण, अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में पुलिस बैंड ने मधुर स्वर लहरियां बिखेरते हुए देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां दी। उत्कृष्ट विद्यालय तथा समता शिक्षा निकेतन स्कूल के विद्यार्थियों ने देश भक्ति पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर ने किया।
मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के संदेश का वाचन कार्यक्रम में किया गया जिसमें मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने कहा कि 1971 में भारतीय सेना की पाकिस्तानी सेना पर विजय के दो प्रमुख कारण रहे, एक तत्कालीन प्रधानमंत्री भारतरत्न श्रीमती इंदिरा गांधी का दृढ़ संकल्पित राजनीतिक नेतृत्व, दूसरा भारतीय थल सेना अध्यक्ष और चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष जनरल एस.एच.एफ.जे. मानेकशा के कुशल और रणनीतिक नेतृत्व में भारत की तीनों सेनाओं का अपरिमित शौर्य, 1971 की इस विजय ने भारत को एक अंतरराष्ट्रीय शक्ति के रूप में स्थापित किया। इससे देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी को पूरे विश्व में दृढ़ता के साथ निर्णय लेने वाली आयरन लेडी के रूप में पहचान मिली। विजय दिवस की इस पुण्य बेला में हम सब भारतीयों चाहे वह किसी भी मजहब और धर्म से हो, जाति के हो या पंथ को मानते हो का कर्तव्य बनता है कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखें। आइए, आज विजय दिवस पर हम भारत का गुणगान करें, हमारे सैनिकों का यश गान करें, इंदिराजी का स्मरण करें और 1971 के शहीदों को श्रद्धांजलि दें।
प्रदर्शनी को बड़ी संख्या में नागरिकों ने निहारा
शहीद दिवस के अवसर पर जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा कार्यक्रम स्थल तथा दो बत्ती स्टेडियम मार्केट क्षेत्र में 1971 के युद्ध में भारतीय सेना की पाकिस्तानी सेना पर विजय पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने निहारा। प्रदर्शनी में 1971 के युद्ध के दौरान के विभिन्न दृश्यों, परिस्थितियों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री डी.पी. धाकड़, श्री राजेश भरावा, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम श्रीमती यास्मीन शेरानी, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी द्वारा भी अवलोकन किया गया।
विजय दिवस दौड़ आयोजित हुई
विजय दिवस के अवसर पर 16 दिसंबर को प्रातः 9:00 बजे विजय दिवस दौड़ भी आयोजित की गई। अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने दौड़ को हरी झंडी दिखाई। दौड़ नेहरू स्टेडियम से आरंभ होकर कॉन्वेंट स्कूल के सामने से होती हुई पुलिस ग्राउंड पर समाप्त हुई। दौड़ में बड़ी संख्या में व्यक्ति शामिल थे। इस दौड़ के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया जिसमें आशीष पवार प्रथम, बबलू कटारा द्वितीय, तरुण पंवार तृतीय तथा सुनील गुर्जर चौथे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में प्रथम स्थान कोमल परिहार ने प्राप्त किया
What's Hot
Related Posts
Add A Comment
Contact
- Office address :- 19, Dr. Devisingh Colony Opposite New court , Ratlam MP
- info@khabarbaba.com
-
Managed By -
Rajesh Jain
Sourabh Kothari
Samagra Jain
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 Khabarbaba. All Right Reserved Designed by Brandistan.