रतलाम, 7 जुलाई(खबरबाबा. कॉम)। शहर के माणकचौक थाना पुलिस ने यूको बैंक की लक्कड़पीठा रोड शाखा में ग्राहकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आउटसोर्स कर्मचारी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बैंक कर्मचारी ने षड्यंत्रपूर्वक ग्राहकों की एफडी मोबाइल ऐप के माध्यम से तुड़वाकर राशि अपने खाते में ट्रांसफर की और बाद में परिचितों के खातों में भेजकर अवैध लाभ कमाया।
ऐसे सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार 30 जून 2026 को फरियादी दिनेश बंजारा ने माणकचौक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि यूको बैंक के आउटसोर्स कर्मचारी राहुल राठौर ने उनके सहित कई खाताधारकों की एफडी बिना अनुमति मोबाइल एप के माध्यम से तुड़वाकर राशि अपने खाते में जमा कर ली। इसके बाद रकम अन्य परिचितों के खातों में स्थानांतरित कर दी गई।
शिकायत के आधार पर माणकचौक थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
एसपी अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं राकेश पंद्रो तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
राहुल राठौर, निवासी त्रिमूर्ति नगर, रतलाम बैंक का आउटसोर्स कर्मचारी)
रवि कुमावत, निवासी ग्राम उमरन
दिनेश राव, निवासी धीरजशाह नगर, रतलाम
अरुण जैन, निवासी संत नगर, रतलाम
* जितेंद्र कुमावत, निवासी ग्राम उमरन
त्रिलोक झा, मूल निवासी मधुबनी (बिहार), हाल निवासी मिडटाउन कॉलोनी, रतलाम
मुकेश राठौर, निवासी सिद्धार्थ नगर, रतलाम
जांच जारी
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तरीके से कितने खाताधारकों की एफडी तोड़ी गई और कुल कितनी राशि की धोखाधड़ी हुई। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान सहित माणकचौक थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।