रतलाम,30 सितम्बर (खबरबाबा. कॉम)। प्रभारी मंत्री कुं. विजय शाह के रतलाम दौरे के दौरान बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिला विकास एवं सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक के बाद जानकारी देते प्रभारी मंत्री ने बताया कि बैठक में जिले में हुई अल्प वर्षा को लेकर गंभीरता से चर्चा की गई। ब्लॉक स्तर पर बारिश के आंकड़ों की जानकारी लेने के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों ने रतलाम जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग रखी। इस पर रतलाम को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया, ताकि प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राहत मिल सके।
पेयजल संकट को लेकर जल स्रोतों के संरक्षण पर जोर
प्रभारी मंत्री ने बताया कि बैठक में आमजन के साथ ही भविष्य की पेयजल जरूरतों को देखते हुए उपलब्ध जल स्रोतों के संरक्षण पर भी चर्चा हुई। जल स्रोतों में उपलब्ध पानी को अनावश्यक रूप से बाहर निकालने अथवा उपयोग करने पर तत्काल रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कम बारिश की स्थिति को देखते हुए भविष्य के लिए पेयजल व्यवस्था सुरक्षित रखना प्राथमिकता है।
किसानों के बीज में फलन नहीं आने की शिकायतों की होगी जांच
बैठक में विधायकों की ओर से किसानों द्वारा खरीदे गए बीजों में फलन नहीं आने का मुद्दा भी उठाया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिन कंपनियों से किसानों ने बीज खरीदे हैं, वहां शिकायतों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों में बीजों में फलन की समस्या सामने आई है, वहां जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनें पीपीपी मॉडल पर चलाने के निर्देश
जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने बताया कि रतलाम में सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनें उपलब्ध हो चुकी हैं, लेकिन सरकारी स्टाफ को पर्याप्त अनुभव नहीं होने के कारण इनके संचालन में दिक्कत आती है। कई बार मशीनें खराब होने के बाद लंबे समय तक उपयोग में नहीं आ पातीं। इसे देखते हुए दोनों मशीनों को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मरीजों को इन जांच सुविधाओं का नियमित लाभ मिल सके।
रतलामी सेव को विदेशों तक पहुंचाने की तैयारी
रतलामी सेव के निर्यात को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि रतलामी सेव को जीआई टैग प्राप्त है, इसके बावजूद इसका अपेक्षित स्तर पर विदेशों में निर्यात नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के समूह गठित कर प्लांट लगाने और ऐसी पैकेजिंग विकसित करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे रतलामी सेव करीब छह माह तक खराब न हो।
इसके लिए रतलाम में सेव की आधुनिक पैकेजिंग, भंडारण और निर्यात व्यवस्था विकसित करने का प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और रतलामी सेव के कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर बोले प्रभारी मंत्री
रतलाम सहित प्रदेशभर में चुनाव आयोग के मुद्दे को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन के सवाल पर प्रभारी मंत्री विजय शाह ने कहा कि हंगामा करना उनकी आदत है। उन्होंने कहा कि हकीकत में ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने भाजपा सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2003 के बाद प्रदेश में भाजपा सरकार ने कई विकास कार्य किए हैं।
ये रहे मौजूद
बैठक में सांसद श्रीमती अनीता नागर सिंह चौहान, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे, ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई ,भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, पूर्व जिला अध्यक्ष बजरंग पुरोहित, विप्लव जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया, एसपी अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, एडीएम बृजेश रावत सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।