रतलाम, 6 अप्रैल (खबरबाबा. कॉम)।मंगलवार 7 अप्रैल को होने वाले नगर निगम के साधारण सम्मेलन से पहले सोमवार को कांग्रेस ने संभावित लाइसेंस शुल्क वृद्धि एवं अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए रैली निकाली और नगर निगम परिसर पहुंचकर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद चौक पर एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में नगर निगम पहुंचे और परिसर का घेराव किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जनता के हितों के खिलाफ कोई भी प्रस्ताव पारित नहीं होने दिया जाएगा।

धक्का देकर खोला गेट
प्रदर्शन को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने मुख्य गेट को बंद कर दिया था और पुलिस ने बैरिकेट्स भी लगाए थे।रैली के निगम पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान पूर्व प्रदेश सचिव मंसूर अली पटौदी और महामंत्री राजीव रावत ने गेट को धक्का देकर खोल दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता परिसर में प्रवेश कर गए।
कांग्रेस नेताओं ने किया संबोधित
नगर निगम परिसर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, युकां अध्यक्ष मयंक जाट,शैलेंद्र सिंह अठाना, पार्षद एवं महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष यास्मीन शैरानी, मंसूर अली पटौदी और राजीव रावत सहित कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम आयुक्त अनिल भाना को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं। ज्ञापन में संभावित लाइसेंस शुल्क में वृद्धि, वार्डों में सफाई व्यवस्था, सिवरेज योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जांच की मांग, श्वानों की नसबंदी के बाद भी कुत्तों की संख्या बढ़ने और लगातार हो रहे हमले, संपत्तिकर और जलकर सहित अन्य मुद्दे उठाए गए।
‘जनविरोधी प्रस्ताव नहीं होने देंगे पारित’
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि मंगलवार को होने वाले सम्मेलन में टैक्स बढ़ाने सहित कई जनविरोधी प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है।उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, सीवरेज और अन्य मूलभूत समस्याओं से जूझ रही जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना अन्यायपूर्ण है, जिसके विरोध में कांग्रेस ने यह प्रदर्शन किया है।

