रतलाम, 22मई(खबरबाबा. कॉम)। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” अभियान के तहत रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना स्टेशन रोड पुलिस ने 7 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात कड़ियां सांसी गिरोह के 5 इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6.5 लाख कीमत के सोना-चांदी के चोरी गए आभूषण भी बरामद किए हैं।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में जिलेभर में फरार एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन” चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय सारवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह जादौन के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार थाना स्टेशन रोड पर वर्ष 2019 में चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना, तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के आधार पर कड़ियां सांसी गिरोह के आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी
मोहरसिंह पिता नन्दनसिंह , निवासी ग्राम कड़िया, जिला राजगढ़,बबलु उर्फ बब्बू पिता सुमेरसिंह सासी, निवासी ग्राम गुलखेड़ी, जिला राजगढ़,कृष्णाबाई पति वीरु सासी, निवासी ग्राम कड़िया, जिला राजगढ़,कोहिनूर पिता मोहरसिंह, निवासी ग्राम कड़िया, जिला राजगढ़,मिनाक्षी पति बबलू उर्फ बब्बू, निवासी ग्राम गुलखेड़ी, जिला राजगढ़
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों से सोने-चांदी के कई आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें सोने की पाटली, कान के टाप्स, नाक के कांटे, माथरिया, नथनी और चांदी की पायजेब शामिल हैं। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 6.5 लाख बताई गई है।