रतलाम, 25 जुलाई(खबरबाबा. कॉम)।मध्य प्रदेश शासन ने शुक्रवार देर रात भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों की बहुप्रतीक्षित तबादला सूची जारी कर दी। इस सूची में 20 IAS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जबकि प्रदेश के 6 जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह का तबादला कर उन्हें शहडोल कलेक्टर नियुक्त किया गया है। उनकी जगह 2012 बैच के IAS अधिकारी अजय कटेसरिया को रतलाम का नया कलेक्टर बनाया गया है।
पिछले कुछ दिनों से रतलाम कलेक्टर के तबादले की चर्चाएं चल रही थीं, जिस पर अब शासन ने मुहर लगा दी है।
आईएएस अजय कटेसरिया का प्रशासनिक सफर
11 अगस्त 1981 को जन्मे अजय कटेसरिया मूलतः झारखंड के निवासी हैं। उन्होंने कॉमर्स विषय से स्नातक (B.Com) की शिक्षा प्राप्त की और 3 सितंबर 2012 को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में नियुक्त हुए। इसके बाद उन्होंने मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों और महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं दीं।
हालिया नियुक्ति से पहले वे सामान्य प्रशासन विभाग (GAD)में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे। साथ ही उनके पास मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी था। इन जिम्मेदारियों के दौरान उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने का कार्य किया।
जनसुनवाई और पारदर्शी प्रशासन के लिए पहचान
अजय कटेसरिया को ऐसे अधिकारी के रूप में जाना जाता है, जो आम नागरिकों से सीधे संवाद और प्रभावी जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हैं। अपने कलेक्टर कार्यकाल के दौरान उन्होंने सतना और शाजापुर में लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और तकनीक आधारित प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। प्रशासनिक हलकों में उनकी पहचान एक अनुशासित, निर्णयक्षम और परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में है।
तबादला सूची की अन्य प्रमुख बातें
प्रदेश में कुल 20 IAS अधिकारियों के तबादले किए गए।
6 जिलों के कलेक्टर बदले गए।
रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह को शहडोल कलेक्टर बनाया गया।
अजय कटेसरिया को रतलाम का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया।
पूर्व रतलाम कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम को मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड का सचिव तथा मुख्यमंत्री के अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
रतलाम के पूर्व कलेक्टर रह चुके भास्कर लक्षकार को इंदौर संभाग का आयुक्त (कमिश्नर) नियुक्त किया गया।
रतलाम में नए कलेक्टर की नियुक्ति के साथ अब जिले में प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।