रतलाम, 3 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)।शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र स्थित करमदी फोरलेन पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। पेट्रोल पंप के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर स्ट्रीट लाइट बंद होने से वहां घना अंधेरा था , जिसके कारण हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय केशव पिता नूतन परिहार और उसका दोस्त 25 वर्षीय शोएब उर्फ शाहिद पिता राजा, दोनों लक्ष्मीनगर निवासी थे। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। करमदी फोरलेन स्थित पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस सेवा व डायल-112 को सूचना दी। बाद में दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
केशव डेकोरेशन का काम करता था, जबकि शोएब शहर के एक आइसक्रीम पार्लर में कार्यरत था। शोएब के पिता राजा डाट की पुल क्षेत्र में फलों का ठेला लगाते हैं, जबकि केशव के पिता की फूलमंडी क्षेत्र में चाय की दुकान है।
माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक के डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
40 मिनट तक नहीं पहुंची मदद, लोगों में नाराजगी
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद दोनों युवक गंभीर हालत में सड़क पर तड़पते रहे। एंबुलेंस और डायल-112 को तत्काल सूचना देने के बावजूद करीब 40 से 45 मिनट तक कोई सहायता मौके पर नहीं पहुंची। बाद में डायल-112 का वाहन पहुंचा और दोनों को अस्पताल ले जाया गया।
अंधेरी सड़क बनी चिंता का विषय
रहवासियों का कहना है कि करमदी फोरलेन का यह हिस्सा लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। यहां अक्सर स्ट्रीट लाइट बंद रहती हैं, जिससे रात में सड़क पर घना अंधेरा रहता है। साथ ही, वाहन चालकों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर भी नहीं हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां स्थायी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।