रतलाम, 6 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)। शहर के त्रिलोक नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद आरोपी अपने पीछे टोपी और एक पेचकस छोड़ गए, जिन्हें पुलिस ने अहम साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार त्रिलोक नगर निवासी चमेलीबाई देवड़ा, जो बिजली कंपनी में कार्यरत हैं, बुधवार सुबह करीब 8 बजे ड्यूटी पर चली गई थीं। इसके बाद उनका बेटा लाखनसिंह देवड़ा भी सुबह करीब 8:30 बजे ऑटो-रिक्शा लेकर घर से निकल गया। करीब 11:45 बजे जब वह खाना खाने घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर भी खुले मिले।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर घर से चार जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की चूड़ियां, सोने की अंगूठी, झुमकी, रखड़ी (बोर), गले का पेंडेंट, दो जोड़ी काटे, एक जोड़ी बाली सहित नकदी लेकर फरार हो गए।
शपुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।
चोर छोड़ गए अहम सुराग
फरियादी के बेटे लाखनसिंह देवड़ा ने बताया कि वारदात के बाद घर के बरामदे से एक टोपी मिली है। वहीं घर में एक पेचकस भी मिला, जिससे आशंका है कि आरोपियों ने उसी की मदद से अलमारी खोली होगी। पुलिस ने दोनों वस्तुओं को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।