रतलाम 10 अगस्त(खबरबाबा. कॉम)। कलेक्टर अजय कटेसरिया द्वारा लगातार व्यवस्था में सुधार के लिए फैसले लिए जा रहे हैं। अब कलेक्टर न्यायालय में लंबित विभिन्न प्रकरणों की नियमित सुनवाई एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर न्यायालय के नियमित संचालन के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने न्यायालय के रीडर एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि न्यायालय में दर्ज प्रकरणों की नियमित रूप से पेशी निर्धारित कर नियत तिथि पर प्रकरण सुनवाई हेतु प्रस्तुत किए जाएं।
कलेक्टर न्यायालय में राजस्व प्रकरणों के साथ-साथ खनिज संबंधी प्रकरण, फौजदारी एवं प्रतिबंधात्मक प्रकरण तथा विभिन्न अधिनियमों के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी की न्यायालयीन अधिकारिता में आने वाले अन्य प्रकरणों की भी सुनवाई की जाती है। कलेक्टर ने इन सभी श्रेणियों के लंबित प्रकरणों को व्यवस्थित रूप से सूचीबद्ध कर नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
न्यायालय के रीडर को लंबित प्रकरणों की अद्यतन सूची तैयार करने, पुराने एवं अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से सूचीबद्ध करने तथा नियमित कॉज लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नोटिस की समय पर तामील, संबंधित अभिलेखों की उपलब्धता तथा अधीनस्थ न्यायालयों अथवा कार्यालयों से अपेक्षित रिकॉर्ड समय पर प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि प्रकरणों में अनावश्यक स्थगन से बचते हुए प्रत्येक पेशी पर प्रभावी कार्यवाही की जाए। पक्षकारों को अनावश्यक रूप से बार-बार उपस्थित न होना पड़े तथा उन्हें निर्धारित तिथि पर सुनवाई का समुचित अवसर प्राप्त हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
कलेक्टर द्वारा अब न्यायालय में नियमित रूप से प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। इससे राजस्व, खनिज, फौजदारी एवं अन्य वैधानिक प्रकरणों के निराकरण में गति आएगी तथा कलेक्टर न्यायालय की कार्यवाही अधिक नियमित, प्रभावी एवं सुव्यवस्थित होगी।