रतलाम ,11अगस्त(खबरबाबा. कॉम)। जावरा शहर पुलिस ने नकबजनी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 2 लाख 25 हजार रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण तथा 12 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। वारदात में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 30-31 जुलाई की दरमियानी रात जनता कॉलोनी, जावरा निवासी शेख मोहम्मद के घर की छत के दरवाजे का नकुचा तोड़कर अज्ञात बदमाश सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना जावरा शहर में धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान और थाना प्रभारी दीपक कुमार मंडलोई के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अब्बास अली (33), शरीफ उर्फ शब्बु (28) और अलीशान (27), सभी जावरा निवासी शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, अलीशान के कब्जे से करीब 2.25 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपए नकद, शरीफ उर्फ शब्बु से 1 हजार रुपए तथा अब्बास अली से घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक ऑटो और 1 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। इस तरह कुल 12 हजार रुपए नकद जब्त किए गए।
कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक कुमार मंडलोई, उनि राकेश मेहरा, सउनि सगीर खान सहित थाना जावरा शहर पुलिस और साइबर सेल रतलाम की टीम की सराहनीय भूमिका रही।