रतलाम, 11 अगस्त(खबरबाबा. कॉम)। जिले में सोमवार को मानसून ने एक बार फिर अच्छी बारिश कराई। आज मंगलवार सुबह से भी बारिश का दौर जारी है। जिले में पिछले 24 घंटे में 40 मिमी यानी 1.57 इंच बारिश दर्ज की गई। इनमें सबसे अधिक बारिश आलोट में 2.09 इंच हुई, जबकि सबसे कम रावटी में 0.83 इंच बारिश दर्ज की गई। रतलाम शहर में करीब 2 इंच बारिश दर्ज हुई।
आज हुई बारिश में रतलाम में 1.97 इंच, जावरा में 1.81 इंच, पिपलोदा में 1.77 इंच, सैलाना में 1.38 इंच, ताल में 1.42 इंच और बाजना में 1.34 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई।
इस सीजन में 16.60 इंच बारिश, पिछले साल थी 22.43 इंच
1 जून 2026 से 11 अगस्त तक जिले में औसतन 421.75 मिमी यानी 16.60 इंच बारिश हो चुकी है। जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में औसत बारिश 569.63 मिमी यानी 22.43 इंच थी। यानी पिछले साल की तुलना में इस बार जिले में अब तक औसतन 147.88 मिमी यानी 5.82 इंच कम बारिश हुई है।
तहसीलवार स्थिति देखें तो रतलाम में इस सीजन अब तक सबसे अधिक 23.03 इंच बारिश हुई है। इसके बाद पिपलोदा में 18.90 इंच, आलोट में 18.46 इंच, जावरा में 17.44 इंच, सैलाना में 16.46 इंच, रावटी में 13.62 इंच, ताल में 13.19 इंच और बाजना में 11.73 इंच बारिश दर्ज की गई है।
पिछले साल की तुलना में सैलाना सबसे पीछे
तुलना करें तो इस वर्ष रतलाम और ताल में पिछले साल की समान अवधि से अधिक बारिश हुई है। रतलाम में पिछले साल 22.44 इंच के मुकाबले इस बार 23.03 इंच, यानी 0.59 इंच अधिक बारिश हुई। ताल में भी पिछले साल के 12.44 इंच के मुकाबले इस बार 13.19 इंच, यानी 0.75 इंच अधिक बारिश दर्ज हुई।
वहीं सबसे बड़ा अंतर सैलाना में है। पिछले साल 11 अगस्त तक जहां 35.55 इंच बारिश हो चुकी थी, वहीं इस बार 16.46 इंच ही हुई है। यानी यहां पिछले साल की तुलना में 19.09 इंच कम बारिश हुई।
रावटी में भी इस बार 13.62 इंच बारिश हुई है, जो पिछले साल के 25.91 इंच से 12.28 इंच कम है। पिपलोदा में 6.54 इंच, जावरा में 5.04 इंच और बाजना में 4.72 इंच बारिश पिछले साल की तुलना में कम है।
कुल मिलाकर, आज की बारिश ने जिले में मानसून की स्थिति को जरूर सुधारा है, लेकिन सीजन की कुल बारिश अभी भी पिछले वर्ष की तुलना में करीब 5.82 इंच पीछे चल रही है।