रतलाम,16अगस्त(खबरबाबा. कॉम)। बिलपांक थाना क्षेत्र में सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया से हुई करोड़ों रुपये की लूट का रतलाम पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों के कब्जे से 4.167 किलोग्राम सोने और 4.047 किलोग्राम चांदी के जेवरात, कुल करीब 5.5 करोड़ रुपये कीमत का लूटा गया माल बरामद किया गया है।
रविवार को उज्जैन रेंज आईजी राकेश गुप्ता ने प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। इस दौरान डीआईजी निमिष अग्रवाल और एसपी अमित कुमार भी मौजूद रहे।
300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले की जांच में 300 से अधिक CCTV फुटेज, साइबर तकनीकी साक्ष्यों और मैदानी पुलिसिंग की मदद ली गई। घटनास्थल से लेकर बड़नगर तक विभिन्न मार्गों के CCTV फुटेज खंगालने के साथ फरियादी, बस चालक, परिचालक और क्लीनर के बयान लिए गए।
बस में सवार होकर दिया था वारदात को अंजाम
फरियादी अर्पित चोरड़िया रतलाम के गणेश मार्केट, चांदनी चौक में सोने-चांदी के आभूषणों का कारोबार करते हैं। 13 अगस्त की रात वे बड़नगर से व्यापारिक कार्य पूरा कर बीके यादव बस से रतलाम लौट रहे थे।रात करीब 9:15 से 9:30 बजे के बीच बस के हनुमान चौकी-उमरथाना फंटा क्षेत्र में पहुंचने पर बड़नगर से बस में सवार दो आरोपी व्यापारी के पास पहुंचे और उसका बैग छीनने का प्रयास किया। व्यापारी ने विरोध किया और शोर मचाया तो तीन अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी बैग छीनकर फरार हो गए।बैग में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और जरूरी दस्तावेज रखे थे।
CCTV और साइबर साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देशन में कई विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने 300 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण किया। साइबर सेल ने तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर के मार्गदर्शन में एडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला, डीएसपी महिला सेल अजय सारवान, डीएसपी यातायात आनंद कुमार सोनी, डीएसपी सुरेन्द्र कुमार गडरिया, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया।
15 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं और लूट का माल भी उनके पास है। पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
5.5 करोड़ का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के 238 नग जेवरात, वजन 4.167 किलोग्राम, कीमत करीब 5.32 करोड़ रुपये,चांदी के 183 नग जेवरात, वजन 4.047 किलोग्राम, कीमत करीब 9 लाख रुपये बरामद किए हैं। यह बरामदगी डिब्बों सहित बताई गई है।
ये आरोपी गिरफ्तार
राहुल पिता सोदान निवासी ग्राम ऊनी, थाना बिलपांकअभिजीत उर्फ अभय पिता दिनेश निवासी ग्राम ऊनी,यशवंत पिता कैलाश निवासी बरगुण्डा गली, मंदसौर,राहुल उर्फ वीर पिता सुरेश , निवासी रतलाम,रवि उर्फ बबला निवासी ग्राम जमुनिया और मोहम्मद उमर उर्फ पप्पु पिता इमाम बख्श, निवासी आनंद कॉलोनी, रतलाम
पुलिस के अनुसार रोहित नायक निवासी रामरहिम नगर रतलाम और गौरव गुर्जर निवासी हरसोला इंदौर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
