रतलाम, 3 सितंबर (खबरबाबा.कॉम)। तेलंगाना के आदिलाबाद और हैदराबाद सहित अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह को रतलाम पुलिस ने बिलपांक थाना क्षेत्र में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा है। आरोपी चोरी की लाल रंग की वेगनआर कार से फोरलेन के रास्ते राजस्थान की ओर भाग रहे थे। पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद वाहन को रोका गया।
वाहन रुकते ही उसमें सवार चार आरोपियों में से दो गेट खोलकर खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने उनका करीब 6 किलोमीटर तक पीछा किया और खेतों में सर्चिंग अभियान चलाकर दोनों को भी पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने प्राथमिक तौर पर तेलंगाना के आदिलाबाद और हैदराबाद के थाना भीमिनी क्षेत्र सहित कई स्थानों पर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
एसपी की सूचना पर लगाई नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी बिलपांक को सूचना दी गई थी कि आदिलाबाद से चोरी की गई लाल रंग की वेगनआर फोरलेन के रास्ते राजस्थान की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बिलपांक मोहम्मद अय्यूब खान ने पुलिस बल के साथ फोरलेन पर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ समय बाद सूचना के अनुरूप लाल रंग की वेगनआर आती दिखाई दी। पुलिस ने उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन को तेजी से भगाना शुरू कर दिया। पुलिस ने पीछा कर काफी मशक्कत के बाद वाहन को रुकवाया।
खेतों में भागे दो आरोपी, 6 किमी पीछा कर पकड़ा
वाहन के रुकते ही उसमें सवार दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर खेतों की ओर भाग गए। पुलिस टीम ने लगातार उनका पीछा किया और करीब 6 किलोमीटर तक खेतों में सर्चिंग की। काफी देर की तलाश के बाद दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
तेलंगाना पुलिस को दी सूचना
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने आदिलाबाद तथा हैदराबाद क्षेत्र में कई स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया है। बिलपांक पुलिस ने संबंधित थानों को आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना दे दी है। तेलंगाना पुलिस की टीम आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए रतलाम रवाना हो चुकी है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घनश्याम पिता बगदाराम कुमावत (44), निवासी बांजापुरी, तहसील जैतारण, जिला पाली; लक्ष्मण राम पिता छगनाराम कुमावत (45), निवासी सोजत, जिला पाली; बोन्डाराम पिता करनाराम कुमावत (38), निवासी जैतारण, जिला पाली तथा मानिकचंद पिता बुधराम कुमावत (35), निवासी बिरोल, तहसील जैतारण, जिला पाली, राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
वेगनआर, सब्बल और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सुजुकी वेगनआर कार, सब्बल और नकदी जब्त की है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी बिलपांक अय्यूब खान, उनि. किशनलाल रजक, प्रधान आरक्षक राहुल जाट, प्रधान आरक्षक तेजसिंह जगावत, प्रधान आरक्षक नरेंद्रसिंह चावड़ा, प्रधान आरक्षक ईश्वरसिंह राठौर, प्रधान आरक्षक अशोक मईडा, आरक्षक रोशन राठौर, आरक्षक रोहित चौहान, आरक्षक निलेश अवस्थी, आरक्षक श्यामदयाल राठौर और आरक्षक विनोद सिंगार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।