रतलाम, 10 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जाम्बुकुड़ी में एक खेत से गांजे के 127 हरे पौधे जब्त किए हैं। आरोपियों ने कपास और मक्का की फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर गांजे के पौधे उगा रखे थे, ताकि वे दूसरी फसलों के बीच छिपे रहें। पुलिस ने मौके से कुल 17.025 किलोग्राम वजन के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर खेत में दबिश
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को थाना शिवगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जाम्बुकुड़ी निवासी प्रभुलाल पिता रखमा पारगी ने अपने खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और खेत में दबिश दी।
इस दौरान खेत में दो व्यक्ति काम करते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान प्रभुलाल पिता रखमा पारगी (35), निवासी ग्राम जाम्बुकुड़ी और प्रकाश पिता विश्राम देवधा (29), निवासी थाना शिवगढ़ के रूप में हुई।
कपास और मक्का के बीच मिले गांजे के पौधे
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे वाले खेत की तलाशी ली तो कपास और मक्का की फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर गांजे जैसे हरे पौधे मिले। पंचों की मौजूदगी में पौधों की पहचान और गिनती की गई। इस दौरान कुल 127 हरे पौधे मिले, जिनका कुल वजन 17.025 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर लिया।
मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब गांजे की अवैध खेती से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
एसपी के निर्देशन में कार्रवाई
अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए एसपी अमित कुमार के निर्देशन में जिले में कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एएसपी विवेक कुमार लाल, एएसपी रतलाम शहर राकेश पन्द्रो और एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा (आईपीएस) के नेतृत्व में शिवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक लिलियन मालवीय की टीम ने यह कार्रवाई की।