रतलाम,29अक्टूबर(खबरबाबा. कॉम)। जिले के बाजना क्षेत्र में बुधवार देर शाम सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्राम देवली में रॉन्ग साइड से तेज गति में आ रहे अशोक लीलैंड वाहन ने सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पाटन की ओर से आ रहे थे बाइक सवार
जानकारी के अनुसार, कालिया कुंडली निवासी रितेश डामोर अपने साथी जितेंद्र उर्फ दीनू निवासी हलकारा के साथ बाइक से पाटन की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान बाजना की ओर से आ रहे अशोक लीलैंड वाहन ने गलत दिशा में तेज गति से आते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में रितेश के सिर, नाक, कान और सीने पर गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पहचानकर उनके परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
अस्पताल में रितेश को मृत घोषित किया
हादसे के बाद दोनों घायलों को बाजना अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रितेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को प्राथमिक उपचार देने के बाद देर रात रतलाम रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शी गोपाल डामोर के अनुसार, वाहन चालक बाजना की ओर से तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। वाहन गलत दिशा में आकर बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग निकला।
मृतक के पिता तेरसिंह पिता जीवा डामोर की शिकायत पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।