रतलाम,18नवम्बर(खबरबाबा. कॉम)। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर सफर सुरक्षित बनाने के दावों के बीच लगातार हो रहे हादसे चिंता बढ़ा रहे हैं। पिछले डेढ़ महीने में रतलाम जिले से गुजरने वाले एक्सप्रेस-वे पर हुए प्रमुख हादसों में सात लोगों की जान जा चुकी है। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। कई दुर्घटनाओं में कारें रेलिंग तोड़कर 25 से 30 फीट गहरी खाई या पुलिया के नीचे जा गिरीं।
लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं को देखते हुए अब रतलाम एसपी अमित कुमार ने एक्सप्रेस-वे पर हादसों की रोकथाम के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अब केवल दुर्घटना होने के बाद राहत और बचाव तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता और निगरानी पर भी जोर देगी। इसके तहत टोल प्लाजा पर वाहन चालको को जागरूकता संबंधी पेम्पलेट बांटे जाएंगे। इनके माध्यम से वाहन चालकों को तेज रफ्तार, लगातार ड्राइविंग, नींद और थकान से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही एक्सप्रेस-वे पर पुलिस पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।
दो घंटे में दो हादसे, चार लोगों की चली गई थी जान
एक्सप्रेस-वे पर हादसों की गंभीरता का अंदाजा 29 सितंबर की घटना से लगाया जा सकता है। उस दिन करीब दो घंटे के अंतराल में दो अलग-अलग कारें रेलिंग तोड़कर खाई में जा गिरी थीं। दोनों दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे।
पहली दुर्घटना में पंजाब के एक परिवार की कार रेलिंग तोड़कर करीब 30 फीट नीचे जा गिरी थी। इसमें दो महिलाओं की मौत हुई। दुर्घटना के बाद रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही दूसरी कार भी टूटे हुए हिस्से से नीचे जा गिरी। इस दुर्घटना में गुजरात के दो लोगों की जान चली गई।
11 नवंबर को दो बच्चों की मौत, 17 नवंबर को फिर एक परिवार हादसे का शिकार
11 नवंबर को जावरा क्षेत्र के बड़ायला के पास एक कार अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग से टकरा गई थी। दुर्घटना में 13 वर्षीय सागर और छह वर्षीय विधि की मौत हो गई, जबकि माता-पिता घायल हुए थे।
इसके बाद 17 नवंबर को शिवगढ़ थाना क्षेत्र के वालारुंडी के पास एक कार पुलिया की रेलिंग से टकराकर करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में 60 वर्षीय साबिर अली की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बेटे घायल हो गए।
इन घटनाओं ने एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों की सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के इंतजामों पर ध्यान आकर्षित किया है।
पुलिस की नई रणनीति: हादसों से पहले जागरूकता और निगरानी
एसपी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस अब एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कुछ प्रमुख उपायों पर काम करेगी।
1. टोल प्लाजा पर जागरूकता संदेश: टोल प्लाजा पर ऐसे टेम्पलेट लगाए जाएंगे, जिनमें वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नींद आने पर वाहन रोकने और लगातार ड्राइविंग से बचने के संदेश दिए जाएंगे।
2. पेट्रोलिंग बढ़ेगी: एक्सप्रेस-वे पर पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। इससे संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े वाहनों, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और सड़क पर उत्पन्न खतरों पर तत्काल ध्यान दिया जा सकेगा।
3. तत्काल राहत और बचाव: दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित आपातकालीन टीमों के बीच बेहतर समन्वय से घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
4. वाहन चालकों को जागरूक करना: विशेष रूप से लंबी दूरी तय करने वाले चालकों को पर्याप्त नींद लेने, बीच-बीच में विश्राम करने और तेज गति से वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पुलिस के साथ NHAI की जिम्मेदारी भी अहम
एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाओं को रोकना केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है। इसमें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), एक्सप्रेस-वे संचालन एजेंसी और टोल प्रबंधन की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कुछ तकनीकी और व्यवस्थागत उपाय भी जरूरी हैं।
– दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी की जाए।
– क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियर और रेलिंग तत्काल दुरुस्त की जाए।
– पुलिया और खाई वाले हिस्सों में सुरक्षा इंतजामों का तकनीकी ऑडिट हो।
– सीसीटीवी और स्पीड डिटेक्शन सिस्टम के माध्यम से तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी रखी जाए।
– जगह-जगह आपातकालीन हेल्पलाइन और निकटतम चिकित्सा सुविधा की जानकारी प्रदर्शित हो।
– एम्बुलेंस, क्रेन और रेस्क्यू टीम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
– एक्सप्रेस-वे पर गलत दिशा में प्रवेश और अनधिकृत कट पर सख्ती हो।
क्या सिर्फ तेज रफ्तार ही हादसों की वजह है?
हाल के हादसों में तेज रफ्तार के साथ चालक को नींद की झपकी आना और वाहन पर नियंत्रण खोना भी संभावित कारणों के रूप में सामने आया है। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले वाहन चालकों के लिए यह गंभीर चुनौती है।
29 सितंबर की दुर्घटनाओं में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई थी। 17 नवंबर के हादसे में भी प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की संभावना सामने आई थी। हालांकि, प्रत्येक दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।