रतलाम, 18नवम्बर (खबरबाबा. कॉम)। रावटी थाना क्षेत्र के रानीसिंह गांव में बुधवार सुबह एक महिला का शव घर में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के शरीर पर लाठियों से मारपीट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रात में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद से पति घर से गायब है। पुलिस को मामले में पति की भूमिका को लेकर संदेह है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मृतका की पहचान कलाबाई पति मांगीलाल गरवाल के रूप में हुई है। बुधवार सुबह करीब 6 बजे महिला के ससुर गेंदालाल गरवाल बेटे के घर पहुंचे तो बहू बेसुध अवस्था में पड़ी मिली। गेंदालाल खेत पर बने मकान में रहते हैं। उन्होंने घर पहुंचकर अपनी पत्नी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों को घटना का पता चला और डायल 112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 के पुलिस जवानों के साथ रावटी थाना पुलिस और एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव को दोपहर करीब डेढ़ बजे पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
रात में विवाद, शरीर पर मिले चोटों के निशान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना वाली रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। महिला के शरीर पर लकड़ी से मारपीट किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विवाद के बाद महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
मृतका के तीन बेटे हैं, जो सूरत में मजदूरी करते हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।