रतलाम,21नवम्बर(खबरबाबा. कॉम)। मादक पदार्थ मेफेड्रोन (MD) की तस्करी के मामले में रतलाम की विशेष एनडीपीएस अदालत ने चार आरोपियों को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने प्रत्येक आरोपी पर एक-एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। विशेष न्यायाधीश आशीष श्रीवास्तव ने यह फैसला सुनाया।
जिन आरोपियों को सजा सुनाई गई है, उनमें अतीक पिता रफीक शेख (32), निवासी गुलमोहर कॉलोनी धार, शकील पिता शब्बीर हुसैन (42), निवासी धार, सुनील पिता मदन मंडलोई (24), निवासी गंधवानी जिला धार और रईस मोहम्मद पिता नसीर मोहम्मद (47), निवासी धार शामिल हैं। न्यायालय ने चारों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22(सी), 25 और 29 के तहत दोषसिद्ध किया।
कार से परिवहन करते पकड़े गए थे आरोपी
अभियोजन की ओर से उप निदेशक अभियोजन श्रीमती आशा शाक्यवार ने बताया कि 8 फरवरी 2025 को बिलपांक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध मादक पदार्थ मेफेड्रोन (MD) का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विधिवत कार्रवाई करते हुए कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 54 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ था।
पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त कार सहित अन्य सामग्री भी जब्त की थी। जब्ती की कार्रवाई उपनिरीक्षक लोकेंद्रसिंह डावर ने की थी, जबकि मामले का अनुसंधान निरीक्षक अय्यूब खान ने किया।
FSL रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर दोषसिद्धि
विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया। विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष ने मौखिक, दस्तावेजी और वैज्ञानिक साक्ष्य पेश किए। एफएसएल रिपोर्ट भी सकारात्मक रही। इन साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने चारों आरोपियों को दोषी मानते हुए सजा सुनाई।प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक संजय कुमार वसुनिया ने पैरवी की।