इंदौर, 23नवम्बर (खबरबाबा. कॉम)। बिजली विभाग की चालानी कार्रवाई का सेटलमेंट कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। लोकायुक्त इंदौर की टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए एमपीईबी के जूनियर इंजीनियर और मीटर रीडर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में हाउसकीपिंग सुपरवाइजर के माध्यम से 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप कार्रवाई की गई। खास बात यह है कि शिकायतकर्ता से आरोपी पहले ही 20-20 हजार रुपए की दो किस्तों में कुल 40 हजार रुपए ले चुके थे।
इंदौर लोकायुक्त एसपी डॉ राजेश सहाय ने बताया कि शिकायतकर्ता आर्जव जैन स्काई कॉर्पोरेट बिल्डिंग की 9वीं मंजिल पर विरूश कैफे का संचालन करते हैं। कैफे पर अरण्य जोन एमपीईबी के जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा ने कार्रवाई करते हुए 97 हजार रुपए का चालान बनाया था। इस चालान का सेटलमेंट कराने के बदले एमपीईबी के मीटर रीडर संदीप ने 45 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मांग गई रिश्वत में से 40 हजार रुपए पहले ही दो किस्तों में दिए जा चुके थे। इसके बाद भी रिश्वत की मांग जारी रहने पर आर्जव जैन ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद रविवार, 23 नवंबर को लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। स्काई कॉर्पोरेट बिल्डिंग की बी-1 पार्किंग में हाउसकीपिंग सुपरवाइजर दीपक सचदेवा ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए की रिश्वत राशि प्राप्त की। इसके बाद दीपक के माध्यम से आरोपी मीटर रीडर संदीप तक रिश्वत की राशि पहुंचाई गई। लोकायुक्त टीम ने 5 हजार रुपए लेते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त ने जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा और मीटर रीडर संदीप के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल लोकायुक्त की आगे की कार्रवाई जारी है।
इनकी रही टीम में भूमिका
यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश, डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के नेतृत्व में की गई। ट्रैप दल में निरीक्षक आशुतोष मिठास सहित प्रधान आरक्षक विजय सैलार, विवेक मिश्रा, आरक्षक कमलेश परिहार, आशीष नायडू, रामेश्वर निघवाल, श्रीकृष्ण अहिरवार तथा चालक प्रधान आरक्षक कमलेश तिवारी और शेरसिंह ठाकुर शामिल रहे।