इंदौर, 28 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। नगर निगम में पानी के टैंकर का बकाया बिल पास कराने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने एसपी डॉ राजेश सहाय के निर्देशन में बुधवार को कार्रवाई करते हुए नगर निगम के उपयंत्री हर्ष गहलोत को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया है। आरोप है कि उपयंत्री ने टैंकर के तीन माह के बकाया बिल का भुगतान कराने के लिए आवश्यक लॉग बुक सत्यापन के बदले 6 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। मामले में कार्रवाई जारी है।
तीन माह के बिल का भुगतान अटका था
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सोहेल पटेल निवासी नायता मुंडला, इंदौर ने नगर निगम में अपना पानी का टैंकर अटैच कराया था। टैंकर के तीन माह के बिल की कुल 1 लाख 12 हजार 500 रुपये की राशि का भुगतान होना शेष था। इस राशि का भुगतान कराने के लिए लॉग बुक का सत्यापन होना था।
आरोप है कि नगर निगम के जोन क्रमांक 13 में पदस्थ उपयंत्री हर्ष गहलोत ने लॉग बुक सत्यापन के बदले शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायतकर्ता ने इस संबंध में लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय को शिकायत की थी। शिकायत का सत्यापन करने पर रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
बुधवार, 28 अक्टूबर को टीम ने हर्ष गहलोत को चाणक्यपुरी चौराहे पर हनुमान मंदिर के सामने शिकायतकर्ता सोहेल पटेल से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त की टीम मौके पर मौजूद रही और आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
यह कार्रवाई लोकायुक्त संगठन के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रधान आरक्षक रणजीत द्विवेदी, विजय सैलार, विवेक मिश्रा तथा आरक्षक मनीष माथुर और पवन पटोरिया शामिल रहे।