रतलाम,23अक्टूबर(खबरबाबा. कॉम)। नकली सोने-चांदी के आभूषणों को असली बताकर व्यापारियों और आम लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह की एक और वारदात सामने आई है। रतलाम के माणकचौक थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार गिरोह के सदस्यों में शामिल आरोपी मानसिंह ने पूछताछ में इंदौर के एक व्यापारी से 40 लाख रुपए की ठगी करना स्वीकार किया है। आरोप है कि गिरोह ने पहले असली सोने का लॉकेट दिखाकर व्यापारी का विश्वास जीता और फिर करीब चार किलो सोने के आभूषण देने का झांसा देकर 40 लाख रुपए ले लिए। बदले में व्यापारी को नकली लॉकेट थमा दिए गए।
पुलिस के अनुसार, माणकचौक थाना पुलिस ने नकली सोने-चांदी के आभूषण असली बताकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इसी दौरान इंदौर में हुई ठगी का खुलासा हुआ। इस मामले में फरियादी व्यापारी ने इंदौर के लसुड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पहले असली लॉकेट दिखाकर जीता विश्वास
पुलिस के मुताबिक, इंदौर के व्यापारी की 22 सितंबर 2023 को व्यापार के सिलसिले में बैंक जाते समय एक व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। उस व्यक्ति ने व्यापारी को सोने के आभूषण बेचने की बात कही। शुरुआत में व्यापारी ने उसकी बात पर विश्वास नहीं किया। बाद में फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने अपनी मां और मामा से भी बात करवाई। उन्होंने इलाज के लिए रुपए की जरूरत और बेटी की शादी के लिए आभूषण बेचने की बात कही।
इसके बाद व्यापारी को बुलाकर एक सोने का लॉकेट दिया गया। जांच कराने पर लॉकेट असली निकला। इससे व्यापारी का आरोपियों पर विश्वास बढ़ गया और आभूषणों के सौदे को लेकर बातचीत आगे बढ़ी।
चार किलो सोने के आभूषण बताकर मांगे 70 से 80 लाख
आरोपियों ने व्यापारी को बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे पर बुलाया। वहां से व्यापारी अपने भाई के साथ कार में आरोपियों को लेकर कार्यालय पहुंचा। आरोपियों ने करीब चार किलो सोने के आभूषण होने की बात कही और उनकी कीमत 70 से 80 लाख रुपए बताई।
सौदे के दौरान आरोपियों ने तत्काल कुछ रकम देने और शेष राशि बाद में चुकाने की बात कही। इस पर व्यापारी अपने घर से 40 लाख रुपए लेकर कार्यालय पहुंचा। इसके बाद वह आरोपियों के साथ बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे तक गया।
40 लाख का बैग लेकर थमाई नकली लॉकेट की थैली
पुलिस के अनुसार, बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे पर आरोपियों ने व्यापारी से 40 लाख रुपए से भरा बैग ले लिया और बदले में आभूषणों की थैली उसे सौंप दी। इसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
घर पहुंचकर व्यापारी ने थैली की जांच की तो उसमें सोने के असली आभूषणों के बजाय नकली लॉकेट मिले। इस तरह व्यापारी को 40 लाख रुपए की ठगी का पता चला। मामले में व्यापारी ने लसुड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
गिरोह की अन्य वारदातों की पड़ताल में जुटी पुलिस
रतलाम के माणकचौक थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों से पूछताछ जारी है। पुलिस अन्य संभावित वारदातों, गिरोह के नेटवर्क और ठगी के तरीके की जानकारी जुटा रही है।