रतलाम, 21अक्टूबर (खबरबाबा. कॉम)। सैलाना में चप्पल के मोलभाव को लेकर व्यापारी के साथ हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना के विरोध में बुधवार को व्यापारी महासंघ और नगरवासियों ने मोर्चा खोलते हुए सैलाना का बाजार सुबह से दोपहर 12 बजे तक बंद रखा। व्यापारियों ने पैदल मार्च निकालकर एसडीएम के नाम थाना प्रभारी दीपक मंडलोई को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो सैलाना में अनिश्चितकालीन बाजार बंद किया जाएगा।
दरअसल, 19 अक्टूबर को महात्मा गांधी मार्ग स्थित सेफी कटलरी स्टोर पर चप्पल के मोलभाव को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद 8 से 10 लोगों ने लाठियों से ताहेर, उनके भाई मुफद्दल और चचेरे भाई बुरहान के साथ मारपीट की। घटना में मुफद्दल के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उन्हें 9 टांके लगाने पड़े। वहीं, बुरहान के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी भी की है।
कार्रवाई से असंतुष्ट व्यापारी, गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग
व्यापारी महासंघ और नगरवासियों का आरोप है कि मामले में घटना की गंभीरता के अनुरूप धाराएं नहीं जोड़ी गई हैं और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी भी नहीं हुई है। इसी को लेकर बुधवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर विरोध दर्ज कराया। पैदल मार्च के बाद सौंपे गए ज्ञापन में पुलिस और प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई।
ज्ञापन में उठाईं पांच प्रमुख मांगें
1. BNS की धारा 109 जोड़ी जाए: मुफद्दल के सिर में गंभीर चोट आने का हवाला देते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 जोड़ने की मांग की गई।
2. आरोपियों की जमानत का विरोध हो: महासंघ ने आरोपियों को जमानत मिलने की स्थिति में उसका कड़ा विरोध करने की मांग रखी।
3. शेष आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए: दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की गई।
4. संपत्तियों की जांच कर कार्रवाई हो: ज्ञापन में आरोपियों की संपत्तियों की जांच और अवैध निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई।
5. बुलडोजर कार्रवाई और जुलूस निकाला जाए: व्यापारियों ने आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई करने और जुलूस निकालने की मांग भी ज्ञापन में रखी।
बाजार बंद और ज्ञापन के जरिए व्यापारी महासंघ ने स्पष्ट किया कि व्यापारी के साथ हुई मारपीट के मामले में वे सख्त कार्रवाई चाहते हैं। महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर त्वरित और उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो सैलाना में अनिश्चितकालीन बाजार बंद किया जाएगा।