रतलाम, 21अक्टूबर(खबरबाबा. कॉम)। सराफा बाजार से लगे चौमुखीपुल क्षेत्र में चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भंडारी ज्वेलर्स का ताला तोड़कर घुसे तीन चोर 2 लाख रुपए से अधिक कीमत की आर्टिफिशियल ज्वेलरी और करीब 20 हजार रुपए नकद चुरा ले गए। वारदात को अंजाम देने पहुंचे बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए सफेद रेनकोट पहन रखा था और चेहरों को कपड़े से ढक रखा था। दुकान में लगे CCTV कैमरों में तीनों संदिग्ध कैद हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
सुबह पड़ोसी दुकानदार ने दी सूचना, अंदर बिखरा मिला सामान
दुकान संचालक के अनुसार मंगलवार रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह पड़ोसी दुकानदार दिनेश सुराना ने फोन कर दुकान के दरवाजे का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर संचालक रजत भंडारी दुकान पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी के तीन-चार बॉक्स खाली मिले।
चोर दुकान से व्हाइट मेटल की पायल, कंदोरे और कड़ियां सहित 2 लाख रुपए से अधिक कीमत के आभूषण ले गए। इसके अलावा गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपए नकद भी चोरी कर लिए।
टॉर्च लेकर दुकान में घुसे, CCTV में कैद हुई गतिविधियां
वारदात का खुलासा दुकान में लगे CCTV कैमरों के फुटेज से हुआ है। फुटेज में तीन संदिग्ध दुकान के भीतर नजर आ रहे हैं। तीनों ने सफेद रेनकोट पहन रखे थे और चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। उनके हाथों में टॉर्च भी दिखाई दे रही है। फुटेज के मुताबिक, संदिग्ध बुधवार तड़के करीब 3:50 बजे दुकान के अंदर थे। पहचान छिपाकर वारदात को अंजाम देने का तरीका पुलिस की जांच का अहम हिस्सा है।
एएसपी, सीएसपी और थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर
चौमुखीपुल क्षेत्र में चोरी की सूचना मिलते ही एएसपी राकेश पंद्रों, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने दुकान के अंदर और ऊपरी मंजिल पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा वारदात से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।
CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश
एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया कि दुकान में लगे CCTV कैमरों के फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। फुटेज में तीन आरोपी दिखाई दिए हैं। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास कर रही है।