रतलाम, 19अक्टूबर (खबरबाबा. कॉम)। रेलवे स्टेशन से एक्टिवा पर सवार होकर घर लौट रहे 28 वर्षीय युवक पर सोमवार रात बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने गोली चला दी। गोली युवक की पीठ पर कमर के नीचे लगी, जिससे वह संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे चद्दर की दीवार से टकरा गया। वारदात के दौरान दो फायर किए जाने की जानकारी सामने आई है। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से कारतूस का खाली खोखा मिला है, जबकि सीसीटीवी फुटेज में बाइक पर सवार दो नकाबपोश दिखाई दिए हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
घायल युवक की पहचान सुनील पुत्र घनश्याम प्रजापत (28), निवासी जूनी कलाल सेरी के रूप में हुई है। सुनील दाहोद में ज्वेलर्स की दुकान पर काम करता है। वह सप्ताह में एक-दो बार ट्रेन से रतलाम स्थित अपने घर आता है। सोमवार रात करीब 9 बजे ट्रेन से उतरने के बाद वह अपनी एक्टिवा से घर जा रहा था। इसी दौरान पुराने माल गोदाम रोड पर पीछे से आए बाइक सवारों ने उस पर फायरिंग कर दी।
दोस्त को दी सूचना, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
गोली लगने के बाद सुनील का एक्टिवा से संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे चद्दर की दीवार से टकरा गया। घायल अवस्था में उसने अपने मित्र मनोज पंवार को फोन कर घटना की जानकारी दी। मनोज अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और सुनील को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौके पर मिला खोखा, सीसीटीवी में दिखे नकाबपोश
पुलिस को घटनास्थल से कारतूस का खाली खोखा मिला है। एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में एक बाइक पर दो नकाबपोश नजर आए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और वारदात से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। सूचना मिलने पर सीएसटी सत्येन्द्र घनघोरिया और स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम मौके पर पहुंचे।
छह माह पहले किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, सुनील ने करीब छह माह पहले अपने ही मोहल्ले की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। पुलिस इस पहलू सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि मामला जीआरपी क्षेत्र से जुड़ा है। जीआरपी और सिटी पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं।