इंदौर, 19अक्टूबर (खबरबाबा. कॉम)। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, इंदौर में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। 19 अक्टूबर 2026 तक की जांच में आरोपी द्वारा स्वयं, सहयोगियों, फर्म और परिवार के सदस्यों के नाम पर कुल 46 अचल संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। जांच में अब तक इन संपत्तियों सहित समस्त चल-अचल संपत्तियों पर कुल 18 करोड़ 79 लाख 79 हजार 531 रुपये व्यय किया जाना पाया गया है।
एसपी लोकायुक्त इंदौर डॉ राजेश सहाय के अनुसार, खरीदी गई अचल संपत्तियों की गाइडलाइन के आधार पर कीमत 17 करोड़ 19 लाख 46 हजार 323 रुपये है, जबकि इनका वर्तमान बाजार मूल्य 64 करोड़ 1 लाख 11 हजार 768 रुपये आंका गया है।
फर्म के नाम पर करोड़ों की जमीन
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार जांच के दौरान आरोपी से संबंधित स्पार्कवेव रियलिटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर खरीदी गई कई कृषि भूमि की जानकारी सामने आई है। इनमें इंदौर जिले की देपालपुर तहसील के ग्राम रंगवासा में स्थित कृषि भूमि के कई भूखंड शामिल हैं। इन भूखंडों की खरीद वर्ष 2023 और 2024 में अलग-अलग तारीखों पर की गई।
इसके अतिरिक्त, जुलाई 2024 में ग्राम लसूड़िया मोरी, वार्ड क्रमांक 35 में रेड कारपेट के पीछे स्थित 11.7710 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है। इस भूमि का गाइडलाइन मूल्य 3 करोड़ 85 लाख रुपये बताया गया है।लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, उक्त भूमि स्पार्कवेव रियलिटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर खरीदी गई है। यह फर्म आरोपी की पत्नी और इंदौर निवासी एक व्यक्ति के संयुक्त नाम से संचालित होना पाई गई है। फर्म से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं और संपत्तियों का सत्यापन किया जा रहा है।
14 अक्टूबर को हुई थी सर्च कार्रवाई
लोकायुक्त पुलिस ने 14 अक्टूबर 2026 को फिरोज खान के विभिन्न आवासों और अन्य ठिकानों पर सर्च कार्रवाई की थी। यह कार्रवाई लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में की गई थी।
इसके बाद से विवेचना के दौरान सामने आए संपत्ति संबंधी दस्तावेजों और जानकारियों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच एजेंसी आरोपी, उसके सहयोगियों, परिवार और संबंधित फर्म के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है।
जांच में अब तक की स्थिति
लोकायुक्त की ओर से 19 अक्टूबर तक उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार—
– कुल अचल संपत्तियां: 46
– समस्त चल-अचल संपत्तियों पर कुल व्यय: 18,79,79,531 रुपये
– अचल संपत्तियों का कुल गाइडलाइन मूल्य: 17,19,46,323 रुपये
– अचल संपत्तियों का अनुमानित वर्तमान बाजार मूल्य: 64,01,11,768 रुपये
फिलहाल, मामले में जांच जारी है। संपत्तियों के दस्तावेजों, उनके स्वामित्व और संबंधित फर्म की भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।