रतलाम, 23 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शहर से हाईवे की ओर जाने वाले मार्गों पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के चालान बनाए गए, वहीं शहर की यातायात व्यवस्था पर ड्रोन से निगरानी कर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई में चालान बनाए गए और 44,600 का शमन शुल्क वसूला गया।
बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस की टीम ने शहर से हाईवे की ओर जाने वाले मार्गों पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। शाम से देर रात तक चले इस अभियान के दौरान 60 चालान बनाए गए और 18 हजार का शमन शुल्क वसूला गया।
ड्रोन से निगरानी, अव्यवस्थित खड़े वाहनों के चालान
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों की पहचान करने के लिए यातायात पुलिस ड्रोन की मदद से निगरानी कर रही है। इसी क्रम में ड्रोन से चिह्नित किए गए वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 10 वाहनों के चालान बनाए गए।
ड्रोन के माध्यम से निगरानी किए जाने से सड़कों पर यातायात की स्थिति पर नजर रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर कार्रवाई करने में मदद मिल रही है।
नियमों का पालन करने की अपील
यातायात पुलिस के अनुसार, विभिन्न कार्रवाई के दौरान कुल 87 चालान बनाकर 44,600 का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, अपने वाहन निर्धारित एवं उचित स्थान पर खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन वाहन चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।