इंदौर27 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। जमीन का सीमांकन करवाने और अवैध कब्जे हटवाने की कार्रवाई के लिए ढाई लाख रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त ने सांवेर एसडीएम कार्यालय के एक बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। शिकायतकर्ता की शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद लोकायुक्त इंदौर ने 27 नवंबर को यह कार्रवाई की।
इंदौर लोकायुक्त एसपी डॉ राजेश सहाय के अनुसार, शिकायतकर्ता राहुल कुमावत निवासी ग्राम उजालिया, तहसील देपालपुर ने 2 सितंबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम हरियाखेड़ी, तहसील सांवेर में खसरा नंबर 129/1/1/1, रकबा 1.368 हेक्टेयर की उनकी पुश्तैनी जमीन है। पिता के निधन के बाद यह जमीन उनकी माता कमलाबाई कुमावत के नाम पर दर्ज है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जमीन का सही सीमांकन करवाने और उस पर हुए अवैध कब्जे हटवाने के लिए करीब एक वर्ष पहले आवेदन दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 31 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वे सांवेर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उनकी मुलाकात कार्यालय में पदस्थ बाबू मनीष से हुई। आरोप है कि मनीष ने सीमांकन की कार्रवाई करवाने के एवज में उनसे 2 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी।
दर्ज किया प्रकरण
शिकायत प्राप्त होने के बाद लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने इसका सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद 27 नवंबर को आरोपी मनीष, बाबू, एसडीएम कार्यालय सांवेर के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
लोकायुक्त की यह कार्रवाई महानिदेशक योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।