रतलाम, 27 नवंबर (खबरबाबा. कॉम)। रतलाम को औद्योगिक पहचान दिलाने की दिशा में एक और बड़ा नाम जुड़ने जा रहा है। देश में साबुन और डिटर्जेंट के क्षेत्र की जानी-मानी कंपनी घड़ी डिटर्जेंट अब रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में अपनी औद्योगिक इकाई स्थापित करेगी। कंपनी ने 341.70 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए उसे 24.858 एकड़ जमीन आवंटित कर दी गई है। प्रस्तावित फैक्टरी में करीब 500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
ऊर्जा, टेक्सटाइल, स्टील, पैकेजिंग और पेट उत्पादों से जुड़ी कंपनियों के बाद अब साबुन, डिटर्जेंट और कॉस्मेटिक उद्योग की एंट्री रतलाम के औद्योगिक परिदृश्य में एक नया अध्याय जोड़ने जा रही है। कंपनी यहां टॉयलेट सोप, सोप नूडल्स, डिटर्जेंट पाउडर, डिटर्जेंट केक, कॉस्मेटिक और होम केयर सहित सात उत्पाद श्रेणियों में निर्माण गतिविधियां संचालित करेगी।
खास बात यह है कि रतलाम में औद्योगिक निवेश का यह विस्तार ऐसे समय हो रहा है, जब प्रदेश में एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने और नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास पर जोर दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश के एमएसएमई मंत्री एवं रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप भी औद्योगिक विकास, स्थानीय उद्यमिता और रोजगार के अवसर बढ़ाने के मुद्दे को लगातार प्रमुखता देते रहे हैं।
रतलाम में औद्योगिक विकास को लेकर पिछले कुछ समय में गतिविधियां तेज हुई हैं। स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में बड़े औद्योगिक समूहों की रुचि और लगातार सामने आ रहे निवेश प्रस्ताव इस बदलाव के महत्वपूर्ण संकेत हैं।
एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप प्रदेश में छोटे और मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहित करने, उद्यमियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और औद्योगिक निवेश का वातावरण तैयार करने की पैरवी करते रहे हैं। रतलाम के विधायक के रूप में भी औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों का विस्तार उनके प्रमुख स्थानीय मुद्दों में शामिल रहा है।
प्रदेश सरकार की एमएसएमई विकास नीति-2025, औद्योगिक भूमि आवंटन नीति और उद्यमियों को प्रोत्साहन देने की योजनाएं इसी व्यापक औद्योगिक रणनीति का हिस्सा हैं।रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में बड़े औद्योगिक निवेश के साथ छोटे और मध्यम उद्योगों की बढ़ती रुचि भी इसी बदलते औद्योगिक परिदृश्य को दर्शाती है।
341.70 करोड़ का निवेश, 500 लोगों को रोजगार
एमपीआईडीसी को दिए गए प्रस्ताव के अनुसार घड़ी डिटर्जेंट इस परियोजना पर 341.70 करोड़ रुपये खर्च करेगी। कंपनी को स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में 24.858 एकड़ औद्योगिक भूमि आवंटित की गई है।
प्रस्तावित इकाई में साबुन, डिटर्जेंट, कॉस्मेटिक और होम केयर उत्पादों का निर्माण होगा। कंपनी की योजना साबुन और डिटर्जेंट निर्माण से जुड़ी अलग-अलग उत्पादन प्रक्रियाओं को एक ही परिसर में विकसित करने की है।इसमें टॉयलेट सोप, सोप नूडल्स, डिटर्जेंट पाउडर, डिटर्जेंट केक सहित सात उत्पाद श्रेणियां शामिल हैं।सोप नूडल्स साबुन बनाने में इस्तेमाल होने वाला प्रमुख आधारभूत कच्चा माल है। इसे आगे की प्रक्रिया से गुजारकर अलग-अलग प्रकार के साबुन तैयार किए जाते हैं।परियोजना स्थापित होने से प्रत्यक्ष रोजगार के साथ परिवहन, पैकेजिंग, कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों के वितरण से जुड़े कारोबार को भी अवसर मिलने की संभावना है।
15 हजार करोड़ के पार पहुंचे निवेश प्रस्ताव
रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में अब तक विभिन्न कंपनियों की ओर से 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव सामने आ चुके हैं।
इन परियोजनाओं के माध्यम से अब तक 14,835 रोजगार प्रस्तावित थे। घड़ी डिटर्जेंट के 500 रोजगार को शामिल करने पर यह आंकड़ा बढ़कर 15,335 हो जाएगा।
टाउनशिप में अब तक 22 कंपनियों को औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए जमीन आवंटित की जा चुकी है।
इनमें सबसे बड़ा निवेश एसआरएफ लिमिटेड का है। कंपनी को 200 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। यहां करीब 7,000 करोड़ रुपये का निवेश और 2,000 रोजगार प्रस्तावित हैं।
फुजियामा पावर सिस्टम लिमिटेड को 75 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। कंपनी ने 650 करोड़ रुपये के निवेश और 1,500 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव दिया है।
भीलवाड़ा एनर्जी लिमिटेड को 64 एकड़ जमीन दी गई है। इस परियोजना में 650 करोड़ रुपये का निवेश और 1,200 रोजगार प्रस्तावित हैं।
आरएसडब्ल्यूएम लिमिटेड को 40 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। कंपनी यहां 400 करोड़ रुपये के निवेश से इकाई स्थापित करेगी, जिसमें 2,000 रोजगार प्रस्तावित हैं।
वहीं हेक्साट्रॉन को 100 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। कंपनी ने 1,050 करोड़ रुपये के निवेश और 1,200 रोजगार का प्रस्ताव दिया है।
एलएनजे ग्रीन पेट लगाएगी 1325 करोड़, आरएसडब्ल्यूएम का 500 करोड़ अतिरिक्त निवेश
रतलाम में निवेश करने वाली प्रमुख कंपनियों में एलएनजे ग्रीन पेट प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल है। कंपनी ने 1,325 करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए 43.564 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। परियोजना से करीब 510 लोगों को रोजगार मिलने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा आरएसडब्ल्यूएम लिमिटेड ने अपने मौजूदा निवेश के अतिरिक्त 500 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बनाई है। कंपनी को इसके लिए 48.383 एकड़ अतिरिक्त जमीन आवंटित की गई है। इस परियोजना में 2,500 रोजगार प्रस्तावित हैं।
जयो एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को 126 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 18 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। इससे करीब 300 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
प्योरा इंडिया ने 55 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 2.27 एकड़ और मैजिक बॉक्स पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड ने 32 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 6.22 एकड़ जमीन आवंटित कराई है।
छोटे और मध्यम निवेशक भी दिखा रहे रुचि
रतलाम की औद्योगिक टाउनशिप में केवल बड़े औद्योगिक समूह ही नहीं, बल्कि छोटे और मध्यम स्तर की कंपनियां भी निवेश के प्रस्ताव दे रही हैं।
अग्या स्टील एंड एलॉय प्राइवेट लिमिटेड ने 16 करोड़ रुपये, किस्सा क्रिएशन ने 7.50 करोड़ रुपये और रतलाम एंटरप्राइजेज ने 7.50 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।
इसी तरह पॉयल हॉस्पिटैलिटी ने 35 करोड़ रुपये, सेंडलवुड एंटरप्राइजेज ने 1.40 करोड़ रुपये और आकाश जैन ने 2.50 करोड़ रुपये के निवेश की योजना प्रस्तुत की है। मनीष मस्कोला की ओर से भी 1.05 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया गया है।
यह स्थिति बताती है कि रतलाम में औद्योगिक विकास का दायरा केवल बड़े कारखानों तक सीमित नहीं है। छोटे और मध्यम उद्यम भी यहां अपनी संभावनाएं तलाश रहे हैं।
ऊर्जा से लेकर साबुन-डिटर्जेंट तक, उद्योगों की विविधता बढ़ी
रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में निवेश प्रस्तावों की सबसे बड़ी विशेषता उद्योगों की विविधता है।यहां ऊर्जा, टेक्सटाइल, स्टील, पैकेजिंग, पेट उत्पाद, साबुन, डिटर्जेंट, कॉस्मेटिक और होम केयर उत्पादों से जुड़ी कंपनियां निवेश में रुचि दिखा रही हैं।
इससे स्थानीय स्तर पर सहायक उद्योगों के विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। परिवहन, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, पैकेजिंग, मशीनों के रखरखाव और कच्चे माल की आपूर्ति से जुड़े कारोबार को काम मिल सकता है।स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर और छोटे उद्यमियों के लिए औद्योगिक इकाइयों से जुड़ने की संभावनाएं भी विकसित हो सकती हैं।
बड़े औद्योगिक समूहों का आना रतलाम के बेहतर भविष्य का संकेत
एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने बताया कि घड़ी डिटर्जेंट को जमीन आवंटित कर दी गई है। यहां कंपनी साबुन का निर्माण करेगी और लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि बड़े औद्योगिक समूहों का रतलाम आना इस बात का संकेत है कि शहर और क्षेत्र का औद्योगिक भविष्य बेहतर हो रहा है।
रतलाम के लिए अब सबसे महत्वपूर्ण चुनौती इन निवेश प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने की होगी। जमीन आवंटन के बाद फैक्ट्रियों का निर्माण, उत्पादन शुरू होना और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलना ही औद्योगिक विकास की वास्तविक सफलता का पैमाना बनेगा।
एमएसएमई मंत्री एवं रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप के औद्योगिक विकास के एजेंडे के बीच घड़ी डिटर्जेंट जैसी कंपनी का निवेश प्रस्ताव रतलाम की औद्योगिक संभावनाओं को एक नया विस्तार देता दिखाई दे रहा है।