रतलाम 26 नवंबर(खबरबाबा. कॉम)। कलेक्टर अजय कटेसरिया द्वारा तहसीलदार जावरा की जांच रिपोर्ट के आधार पर ग्राम लुहारी, ग्राम कुम्हारी एवं कस्बा जावरा क्षेत्र में अवैध कॉलोनी निर्माण के प्रकरणों में 10 भूमि स्वामियों को सूचना पत्र जारी किए गए हैं।
तहसीलदार जावरा द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के अनुसार संबंधित भूमि स्वामियों में शंकरलाल पिता मांगीलाल राठौर निवासी नामली (अन्य-1), सुश्री डाली पिता अमृतलाल चौरसिया निवासी जावरा, श्रीमती उषा पति प्रकाश निवासी जावरा, रामचंद्र पिता कन्हैयालाल निवासी गुडबेली तहसील आलोट, सिद्धू खां पिता शफी मोहम्मद निवासी जावरा, गौरव पिता हीरलाल निवासी जावरा, आजाद पिता अहमद हुसैन निवासी जावरा, पन्नालाल पिता वरदीचंद निवासी जावरा, श्रीमती सीताबाई पति कन्हैयालाल निवासी जावरा एवं श्री ताहा हुसैन पिता अब्दुल हुसैन निवासी जावरा शामिल हैं।
संबंधित कस्बा पटवारियों ने इन भूमि स्वामियों द्वारा अनाधिकृत रूप से अवैध कॉलोनी का निर्माण किए जाने का उल्लेख करते हुए खाता-खसरा की नकल प्रस्तुत की है।
जांच में पाया गया है कि संबंधित भूमि स्वामियों ने म.प्र. पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 तथा म.प्र. ग्राम पंचायत (कॉलोनी का विकास) नियम 2014 के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित शुल्क एवं अनुमतियां प्राप्त किए बिना नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध कॉलोनी का निर्माण किया है। कार्रवाई से पूर्व अपना पक्ष रखने एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए सभी संबंधितों को सूचना पत्र जारी किए गए हैं।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने बताया शहरी ग्रामीण क्षेत्रो में अवैध कलोनियों की जांच हेतु समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को आदेशित किया गया है। जिन्हें अपने अपने क्षेत्र में अवैध कालोनी निर्माण की जांच रिपोर्ट तत्काल कालोनी सेल को भेजने के निर्देश दिए है। जिन क्षेत्रो में अवैध कालोनी का निर्माण पाया जाता है तो संबधित क्षेत्र के अधिकारियों की जवाबदारी सुनिश्चित की जावेगी।