रतलाम, 26 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। शहर के प्रतापनगर क्षेत्र में एक बुजुर्ग के घर हुई चोरी की वारदात का स्टेशन रोड पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि घर में पिछले तीन महीने से काम करने वाली महिला ने ही की थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार, प्रतापनगर निवासी 63 वर्षीय राजेन्द्र वाघ ऑटो पार्ट्स की दुकान संचालित करते हैं और घर पर अकेले रहते हैं। 23 नवंबर को दोपहर करीब 3:15 बजे वे घर से दुकान गए थे। शाम करीब 7:30 बजे लौटे तो अलमारी का लॉकर खुला मिला। जांच करने पर उसमें रखा सोने का ब्रेसलेट, चांदी के सिक्के, चांदी की चेन और 7 हजार रुपये नकद गायब थे।
फरियादी को अपने घर में पिछले तीन माह से झाड़ू-पोछा का काम करने वाली महिला सोना उर्फ सोनम पति शकील खान पर संदेह हुआ। इसके बाद 24 नवंबर को उन्होंने थाना स्टेशन रोड में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, पूछताछ में कबूली चोरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के निर्देशन और सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर प्रतापनगर निवासी 32 वर्षीय सोनम पति शकील पठान से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने फरियादी के घर से आभूषण चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, महिला ने बताया कि वह पिछले तीन माह से फरियादी के घर काम कर रही थी। इसी दौरान उसने अलमारी से आभूषण चोरी कर अपने घर में छिपा दिए थे।
सोने का ब्रेसलेट और सिक्के सहित 3.50 लाख का माल बरामद
पुलिस ने आरोपिया की निशानदेही पर उसके घर से चोरी गया मश्रुका बरामद किया। इसमें करीब 15 ग्राम का सोने का ब्रेसलेट, 10 ग्राम का सोने का सिक्का, 50 ग्राम की चांदी की चेन और करीब 30 ग्राम के चांदी के तीन सिक्के शामिल हैं। बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करने और मश्रुका बरामद करने में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उपनिरीक्षक युनुस खान, प्रधान आरक्षक ममता हाड़ा, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र सिंह बघेल, आरक्षक विजय वसुनिया, मकन सिंह और नरेन्द्र परमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।