रतलाम, 25नवम्बर (खबरबाबा. कॉम)। शहर के व्यापारियों को ट्रेड लाइसेंस (व्यापार अनुज्ञप्ति) बनवाने के लिए अब नगर निगम के मुख्य कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नगर निगम ने व्यापारियों की सुविधा और व्यावसायिक गतिविधियों को सुगम बनाने के उद्देश्य से शहर के पांच जोन कार्यालयों में ट्रेड लाइसेंस बनाने की सुविधा शुरू की है। इसके अलावा नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में भी यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।
नगर निगम द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, शहर में पांच स्थानों को ट्रेड लाइसेंस सुविधा केंद्र के रूप में निर्धारित किया गया है। इनमें जोन क्रमांक 1 के अंतर्गत अलकापुरी कम्युनिटी हॉल, जोन क्रमांक 2 में अंबेडकर मांगलिक भवन, पोलो ग्राउंड पानी की टंकी के सामने, जोन क्रमांक 3 में अमृत सागर उद्यान, जोन क्रमांक 4 में हरमाला पंप हाउस, मालीकुआं तथा जोन क्रमांक 5 में कस्तूरबा नगर पानी की टंकी शामिल हैं।
नगर निगम का कहना है कि इन सुविधा केंद्रों के माध्यम से व्यापारी अपने व्यवसाय एवं प्रतिष्ठान से संबंधित ट्रेड लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
नगर निगम ने शहरी सीमा क्षेत्र के सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने व्यवसाय का संचालन नियमानुसार करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ट्रेड लाइसेंस बनवाकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। निगम ने व्यापारियों से शहर के विकास में सहभागी बनने की भी अपील की है।