रतलाम, 27 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। कालूखेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 10वीं के दो छात्रों की जान चली गई। दोनों छात्र अर्धवार्षिक परीक्षा का हिंदी का पेपर देकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बागिया गांव के पास उनकी बाइक पानी के टैंकर से टकरा गई। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने रतलाम मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद दोनों छात्रों के परिजन आक्रोशित हो गए। टैंकर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने दोनों के शव कालूखेड़ा में रखकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब रात 9:30 बजे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने टैंकर मालिक और चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर परिजन शांत हुए और शवों को ले जाने की तैयारी शुरू की।
परीक्षा देकर लौट रहे थे, रास्ते में काल बनकर आया टैंकर
मृतकों की पहचान अजय पिता किशोर और मनोज पिता अमृतकुमार, निवासी नवेली, थाना कालूखेड़ा क्षेत्र के रूप में हुई है। दोनों कक्षा 10वीं के विद्यार्थी थे और कालूखेड़ा के शासकीय स्कूल में पढ़ने आते थे।
शुक्रवार को उनकी अर्धवार्षिक परीक्षा का हिंदी का पेपर सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित था। पेपर जल्दी समाप्त होने पर दोनों करीब 12:30 बजे स्कूल से निकल गए। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव नवेली लौट रहे थे।
दोपहर करीब 1 बजे कालूखेड़ा से लगभग दो किलोमीटर दूर बागिया गांव के पास उनकी बाइक पानी के टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि अजय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल मनोज को पहले जावरा और फिर रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान शाम को उसकी भी मौत हो गई।
शव रखकर जताया आक्रोश, गिरफ्तारी के बाद खत्म हुआ विरोध
हादसे के बाद अजय का पोस्टमॉर्टम जावरा में कराया गया। इसके बाद परिजन उसका शव लेकर कालूखेड़ा पहुंचे। दूसरी ओर मनोज के परिजन भी उसका शव लेकर वहां पहुंचे।
दोनों परिवार टैंकर चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे और शव रखकर विरोध जताया। सूचना मिलने पर पिपलौदा तहसीलदार वंदना किराडे और जावरा सीएसपी युवराज सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।
रात करीब 9:30 बजे पुलिस ने टैंकर मालिक और चालक को गिरफ्तार कर लिया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों ने विरोध समाप्त कर दिया और शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी शुरू की।