रतलाम,23जनवरी(खबरबाबा.काम)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश में जहां कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा की है, वही कई जिलों में शहर एवं जिला अध्यक्षों की भी नियुक्तियां की गई है। रतलाम में जहां जिला (ग्रामीण) कांग्रेस अध्यक्ष को बदलते हुए कैलाश पटेल को जिम्मेदारी दी गई है ,वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में एक बार फिर महेंद्र कटारिया पर कांग्रेस संगठन ने भरोसा जताया है।
साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस संगठन में भी नई जमावट की जा रही है। पहली बार कांग्रेस में संगठन महामंत्री की भी नियुक्तियां की गई है। जिले की बात करें तो शहर एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर पिछले कुछ समय से बदलाव की अटकलें चल रही थी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सैलाना विधायक हर्षविजय गेहलोत के पास थी और वह स्वयं इस जिम्मेदारी से उन्हें मुक्त करने का आग्रह प्रदेश संगठन से कर चुके थे। जिसके बाद कैलाश पटेल को जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है।
शहर अध्यक्ष के लिए एक बार फिर महेंद्र कटारिया पर ही संगठन ने विश्वास जताया है। कटारिया के नेतृत्व में हुए निगम चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के कारण भी कटारिया को दूसरा मौका दिया गया है।मई 2020 में महेंद्र कटारिया को पहली बार शहर कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। उसके बाद कटारिया ने कांग्रेस नेताओं को एकजुट करके संगठन को मजबूत किया। पार्टी गतिविधियों और सरकारी विरोध प्रदर्शन में भी उन्होंने अपनी ताकत दिखाई। नगर निगम चुनाव पार्टी का बेहतर प्रदर्शन बेहतर रहा।
शहर अध्यक्ष पद की दौड़ में कई और नेता भी थे लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से सीधे जुड़े होने का फायदा महेंद्र कटारिया को मिला।