रतलाम,29अक्टूबर(खबरबाबा.काम) । विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के दौरान चेक पोस्ट पर चेकिंग और सोना-चांदी की जब्ती से सर्राफा व्यापारियों में आक्रोशहै। कल रात रतलाम सराफा एसोसिएशन ने पत्रकार वार्ता कर 31 अक्टूबर तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होने पर चुनाव के बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया। व्यापारियों ने कहा है कि इसका आह्वान पूरे मप्र में होगा।
प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होना है। इसका बहिष्कार करने का ऐलान शनिवार रात को सराफा भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सराफा व्यापारी एसोशिएशन के अध्यक्ष तथा मध्यप्रदेश सराफा व्यापारी एसोशिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष झमक भरगट ने किया। पत्रकार वार्ता को भरगट के अलावा एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विशाल डांगी, कीर्ति बड़जात्या आदि ने भी संबोधित किया। पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश की अवहेलना की जा रही हैं। आदेश में यह दर्शाया गया है कि केवल नकद राशि या वह सामान जब्त किया जाए जो मतदान को प्रभावित कर सकता हो। इसके बावजूद सोना-चांदी लेकर आने-जाने वालों को चैकिंग के नाम पर बेवजह परेशान किया जा रहा हैं।
24.88 करोड़ का सोना-चांदी पकड़ा 14 करोड़ का लौटाया
अध्यक्ष भरगट ने कहा कि जितनी चैकिंग रतलाम में हो रही उतनी तो इंदौर, भोपाल तथा अन्य शहरों में भी नहीं हो रही है। इसके कारण व्यापारियों और ग्राहकों में दहशत है। ग्राहक आने में घबरा रहें हैं। जिले के हर क्षेत्र में चैकिंग अभियान चल रहा हैं, जिसमें अब तक 24.88 करोड़ रुपए का सोना चांदी पकड़ा गया। इसमें से 14 करोड़ रुपए का सोना चांदी वापस लौटाया गया है। बाकी छोड़ने में व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है।
10 हजार लोग जुड़े हैं एसोसिएशन से
एसोसिएशन अध्यक्ष के अनुसार भरगट ने कहा इस सख्ती से समुचे सराफा बाजार का व्यवसाय चौपट हो गया है। रतलाम सराफा बाजार से तकरीबन 10 हजार लोग जुड़े हैं। उन्होंने फैसला किया है कि मामले का निराकरण नहीं होता है तो वे मतदान नहीं करेंगे। इस मामले में 31 अक्टूबर तक कोई फैसला नहीं किया गया तो प्रदेश भर में चुनाव के बहिष्कार का आह्वान किया जाएगा।
ये पदाधिकारी भी थे मौजूद
पत्रकार वार्ता में एसोसिएशन के सचिव रामबाबू शर्मा, कोषाध्यक्ष संजय छाजेड़, ज्ञानचंद सराफ, विनोद मूणत, सुरेन्द्र कुमार भरगट, शरद पावेचा, रवि कुमार मोठिया, राजेश शर्मा, सौरभ छाजेड़, रमेश कटारिया, योगेश दग्धी, निर्मल मूणत, राजेन्द्र शर्मा, संतोष शर्मा सहित बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी मौजूद रहे।
