रतलाम, 2 जून(खबरबाबा. कॉम)। सोमवार को बाजना बस स्टैंड जैसे भीड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक महिला से सोने की नथ लूट ली। बदमाशों ने महिला को डरा धमका कर लूट की वारदात का अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में माणकचौक और रावटी थाना क्षेत्र में हुई दो लूट की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।
पुलिस के अनुसार 1 जून को फरियादी जगदीश मईड़ा ने थाना माणकचौक में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 12:30 बजे बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने उसकी पत्नी को डरा-धमकाकर नाक में पहनी सोने की नथ छीन ली और फरार हो गए। मामले में अपराध धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली।
रावटी क्षेत्र की दूसरी वारदात भी कबूली
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 30 मई को रावटी थाना क्षेत्र में एक महिला की नाक से सोने की नथ छीनने की घटना को भी अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने लूटी गई नथ को 30 हजार रुपए में गिरवी रखना बताया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।पुलिस ने उनके कब्जे से दोनों वारदातों में लूटी गई सोने की नथ, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी
विष्णु पिता बागजी मईड़ा (19), निवासी नरसिंग नाका, थाना रावटी
मोहन पिता शैतान भाभर (19), निवासी मलवासी नाका, थाना रावटी
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, थाना प्रभारी रावटी निरीक्षक सुरेन्द्र गाडरिया सहित माणकचौक थाना, रावटी थाना एवं साइबर सेल की टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।