रतलाम, 21 मई (खबरबाबा. कॉम)। शहर से सटे कनेरी रोड पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दूध लेकर जा रहे बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि बाइक पर रखी दूध की कैनें करीब 60 से 70 फीट दूर खेत में जा गिरीं। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 6:30 बजे डीडी नगर थाना क्षेत्र के कनेरी रोड पर हुआ। गांव कनेरी निवासी मोतीलाल पिता शंकरलाल गुर्जर रोजाना की तरह बाइक से दूध लेकर शहर की ओर जा रहा था। उसके पीछे अलग बाइक से उसके काका मांगीलाल गुर्जर भी आ रहे थे। इसी दौरान एक कॉलोनी के सामने सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने मोतीलाल की बाइक को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगते ही मोतीलाल सड़क पर उछलकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के काका मांगीलाल गुर्जर के अनुसार हादसे के तुरंत बाद उन्होंने एंबुलेंस 108 और डायल 112 पर कॉल किया, लेकिन करीब एक घंटे तक कोई सहायता मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद गांव से कार बुलाकर मोतीलाल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एंबुलेंस और डायल 112 की देरी पर भड़के ग्रामीण
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। समय पर एंबुलेंस और पुलिस सहायता नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने कनेरी रोड पर चक्काजाम कर दिया और सड़क के बीच बैठ गए। ग्रामीण कलेक्टर और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।
करीब 9 बजे पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाइश दी। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि फरार पिकअप चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और चक्काजाम समाप्त किया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।