रतलाम, 21 मई (खबरबाबा.कॉम)। रतलाम में गृह प्रवेश समारोह के दिन ही डॉक्टर के घर हुई 12 लाख रुपये से अधिक की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने चोरी का खुलासा कर दिया है। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और अन्य चोरी का सामान बरामद किया है। खास बात यह रही कि चोरी के समय परिवार के सभी सदस्य घर में ही मौजूद थे और इसी दौरान आरोपी मौका पाकर बैग लेकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 16 मई को अष्टापद कॉलोनी स्थित डॉ. शंकरलाल खराड़ी के निवास पर चोरी की वारदात हुई थी। इस संबंध में उनके पिता पुनमचंद खराड़ी 61 वर्ष निवासी ग्राम सेमलखेड़ा, हाल मुकाम अष्टापद कॉलोनी, सफायर स्कूल के पास, बड़बड़ रतलाम ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात बदमाश घर से सोने का हार, कान के सोने के लोंग, सोने की बोर, तीन मोबाइल फोन और करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया।
बताया गया कि जिस दिन चोरी हुई, उसी दिन घर में गृह प्रवेश कार्यक्रम था। परिवार घर में मौजूद था। रात के समय अज्ञात आरोपी घर में घुसा और वहां रखे बैग चोरी कर ले गया। बैग में सोने के आभूषण, मोबाइल और नकदी रखी हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय सारवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध सूरज उर्फ सुरेश पिता अमरसिंह चारेल निवासी सिमलावदा थाना बिलपांक, हाल मुकाम छत्रीपुल रतलाम को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार मोबाइल फोन, सोने का हार और कान के सोने के लोंग बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में उपनिरीक्षक ध्यानसिंह सोलंकी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी (सायबर सेल), आरक्षक दिलीप रावत, विपुल भावसार, राहुल पाटीदार, अर्जुनसिंह, दुर्गालाल गुजराती, मोहन पाटीदार, पवन मेहता, कान्हा मेघवाल, विजय मालवीय, पारस चावला एवं लाखन (सीसीआर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।